विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में भीषण सड़क हादसा, कार सवार मां-बेटे की मौत और पिता-पुत्री गंभीर; एंबुलेंस ने सीधी टक्कर मारी

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 22 Jun 2026 05:17 PM (IST)

कौशांबी में रामवन गमन पथ पर एक भीषण सड़क हादसे में कार और एंबुलेंस की सीधी टक्कर हो गई। इसमें ...और पढ़ें

कौशांबी में सड़क हादसे में कार सवार एक परिवार के दो लोगों की मौत व दो घायल हो गए।

कौशांबी में सड़क हादसे में कार सवार एक परिवार के दो लोगों की मौत व दो घायल हो गए।

HighLights

  1. रामवन गमन पथ पर पीएचसी सरसवां के निकट हुई दुर्घटना

  2. कार सवार शिक्षिका और उसके दुधमुंहे बेटे की चली गई जान

संसू, जागरण, महेवाघाट (कौशांबी)। पीएचसी सरसवां के सामने रामवन गमन पथ पर सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हुआ। कार और एंबुलेंस की आमने-सामने से हुई भिडंत में कार सवार शिक्षिका व उसके दुधमुंहे बेटे की मौत हो गई जबकि कार चला रहे कारोबारी पति व बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

राहगीरों व ग्रामीणों ने अंदर फंसे पिता-पुत्री को कार के दरवाजे का कांच तोड़कर मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने पिता-पुत्री की हालत नाजुक देख प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। उधर हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही टक्कर मारने वाले एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है।

प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां क्षेत्र के जैसवां मजरा बिहरिया निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद फैजान पुत्र अब्दुल रऊफ मुंबई में हैंडलूम व्यवसायी हैं। उनकी 32 वर्षीय पत्नी शाइमा फारूकी सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। उनकी तैनाती महेवाघाट इलाके के स्कूल में थी।

सोमवार सुबह फैजान पत्नी शाइमा, चार वर्षीय बेटी मनाला व छह माह के बेटे हसनैन के साथ कार से पत्नी को लेकर स्कूल आए थे। दोपहर करीब एक बजे वापस लौटते वक्त महेवाघाट क्षेत्र के सरसवां प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के सामने कार मंझनपुर की तरफ से आ रही 102 एंबुलेंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखचे उड़ गए व उसके सभी दरवाजे लाक हो गए।

घटना देख राहगीरों ने स्थानीय लोग कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया जब नहीं खुला तो दरवाजे का कांच तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। शाइमा व हसनैन की मौत हो गई थी। फैजान व मनाला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देख प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

फैजान के पास मिले आधार कार्ड व कार के पंजीयन नंबर से सभी की पहचान हुई। पुलिस की सूचना पर जैसवां के प्रधान नूर मोहम्मद परिवार के सदस्यों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर हाल-बेहाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है।

यह भी पढ़ें- पुरानी रंजिश में ग्राम प्रधान पर पांच राउंड फायरिंग, गोली स्कार्पियो का शीशा तोड़ते हुए हाथ को छूकर सीट में धंसी

यह भी पढ़ें- UP के 16 जिलों को जल्द मिलेंगे 22 एसआरजी, प्रयागराज के लिए तीन का होगा चयन; शिक्षकों से मांगे गए आवेदन