कौशांबी में मतांतरण की कोशिश : GGIC की दो प्रवक्ता समेत तीन पर मुकदमा, हिंदूवादी नेता की बेटी का किया ब्रेनवाश!
कौशांबी में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की दो प्रवक्ताओं और एक अन्य के खिलाफ धर्मांतरण, ब्रेनवाश और लव जिहाद के ...और पढ़ें

कौशांबी में तीन लोगों के खिलाफ मतांतरण के प्रयास का आरोप में केस दर्ज हुआ है।
HighLights
लवजिहाद की कोशिश व धमकी का भी लगाया गया आरोप
एबीवीपी की ओर से इस मामले में प्रदर्शन भी किया गया था
जागरण संवाददाता, कौशांबी। छात्राओं का ब्रेनवाश, मतांतरण और लवजिहाद की कोशिश के आरोप में राजकीय बालिका इंटर कालेज (जीजीआइसी) की दो प्रवक्ता समेत तीन के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। एक हिंदूवादी नेता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इससे पहले घटना के विरोध में एबीवीपी की ओर से प्रदर्शन भी किया गया था।
जीजीआइसी सिराथू का मामला
बताया गया है कि नगर पंचायत सिराथू निवासी एक हिंदूवादी नेता की बेटी जीजीआइसी सिराथू में हाईस्कूल की छात्रा है। आरोप है कि पिछले दो महीने से बेटी के क्रियाकलाप और व्यवहार में अचानक से परिवर्तन होने लगा। संदेह होने उन्होंने बेटी से पूछताछ की। तब बेटी ने बताया कि कॉलेज की उर्दू प्रवक्ता शाइस्ता नूर व जरीन शौकत उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती हैं।
कई अन्य के इस कृत्य में शामिल होने का आरोप
इस्लाम धर्म से संबंधित उर्दू किताबें पढ़ने व इबादत के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया है। कहा कि दोनों प्रवक्ता हिंदू धर्म को खराब और इस्लाम को बेहतर बताती हैं। वह अपने करीबी गाजी का पुरवा निवासी मोहम्मद इरफान को कॉलेज में बुलाने लगीं। उनके अन्य सहयोगी भी इस कृत्य में शामिल हैं।
केस दर्ज कर विवेचना हो रही : सीओ सिराथू
बेटी के बयान के आधार पर जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षियों ने जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप है कि प्रवक्ता के इशारे पर इरफान समेत कई लोग छात्राओं के घर की रेकी करते हैं, मोबाइल नंबर समेत दूसरी जानकारी जुटाते हैं। सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
प्रवक्ता शाइस्ता नूर राजकीय हाईस्कूल पल्हाना संबद्ध
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से आरोप लगाए जाने के बाद जीजीआइसी सिराथू की प्रवक्ता शाइस्ता नूर को राजकीय हाईस्कूल, पल्हाना से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही रिपोर्ट अपर शिक्षा निदेशक राजकीय को भेजी गई है।
प्रकरण में दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा के उत्पीड़न को लेकर आरोप लगाए गए तो प्रकरण में दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी में राजकीय हाईस्कूल धमावां के प्रिसिंपल असीम श्रीवास्तव व राजकीय हाईस्कूल राला की प्रिंसिपल शामिल थीं। कमेटी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्रवक्ता को राजकीय हाईस्कूल पल्हाना से संबद्ध करते हुए रिपोर्ट अपर शिक्षा निदेशक को भेज दी गई थी।
जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेजी जाएगी
शाइस्ता नूर के साथ दो प्रवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक का कहना है कि दूसरी प्रवक्ता के बारे में अब जानकारी हुई है। इस प्रकरण की भी जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेजी जाएगी।
