इलाहाबाद मंडल में ये स्टेशन है आमदनी के मामले में सबसे फिसड्डी Prayagraj News
फतेहपुर मकरंदपुर हाल्ट स्टेशन ऐसा ही है जहां पर वर्ष 2015 में रोजाना 10 यात्री टिकट खरीदते थे। अब दो लोग बड़ी मुश्किल से टिकट लेते हैं। जिन हाल्ट स्टेशनों की आमदनी न के बराबर है।
प्रयागराज, जेएनएन। सफल, सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना के साथ रेलवे यात्री सुविधाएं बढ़ा रहा है, वहीं कम आमदनी वाले स्टेशन भी चिह्नित कर रहा है। इलाहाबाद मंडल में टुंडला से गाजियाबाद सेक्शन में फतेहपुर मकरंदपुर हाल्ट स्टेशन ऐसा ही है, जहां पर वर्ष 2015 में रोजाना 10 यात्री टिकट खरीदते थे। अब दो लोग बड़ी मुश्किल से टिकट लेते हैं। जिन हाल्ट स्टेशनों की आमदनी न के बराबर है, उनको बंद करने पर विचार हो रहा है।
घट रही टिकटों की बिक्री
इलाहाबाद मंडल में गाजियाबाद से दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक कुल 25 हाल्ट स्टेशन हैं। इसमें फतेहपुर मकरंदपुर, शिवाला टेहू, शाहनगर टिमरऊ, कुसवा और बुढ़ा भरथरा स्टेशन ऐसे हैं, जहां पर टिकटों की बिक्री की आमदनी घट रही है। इन स्टेशनों में फतेहपुर मकरंदपुर स्टेशन ही मेन लाइन का स्टेशन हैं। अन्य स्टेशन ब्रांच लाइन में हैं। रेलवे बोर्ड के नियम अनुसार मेन लाइन के हाल्ट स्टेशन पर प्रतिदिन 50 टिकटों और ब्रांच लाइन में 25 टिकटों की बिक्री होनी चाहिए। अगर इतने टिकटों की बिक्री नहीं होती है तो उस हाल्ट स्टेशन को बंद किया जा सकता है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन खोलने व बंद करने का निर्णय रेलवे बोर्ड के स्तर से लिया जाता है। जोन स्तर से केवल कम आमदनी वाले स्टेशनों की सूची भेजी जाती है। अभी इस प्रकार की कोई रिपोर्ट तैयार नहीं कराई गई है।
चार हाल्ट स्टेशनों पर नहीं हैं एजेंट
रेलवे बोर्ड ने छोटे स्टेशनों पर टिकट बिक्री का जिम्मा हाल्ट एजेंटों को दे दिया है। एजेंट जब ट्रेन आती है तो टिकट बेचने के लिए वहां पर आ जाते हैं। इलाहाबाद मंडल में बैदपुर, सैफई, भुजिया और कीरतपुर स्टेशन पर कोई एजेंट नहीं है। अन्य 21 स्टेशनों पर एजेंट टिकट बेचते हैं।
कम आय करने वाले पांच स्टेशनों के आंकड़ा
दिसंबर में टिकटों की बिक्री और आमदनी
स्टेशन का नाम --- टिकटों की बिक्री --- आमदनी
फतेहपुर मकरंदपुर --- 42 --- 465 रुपये
शिवाला टेहू --- 703 --- 7985 रुपये
शाहनगर टिमरऊ --- 1103 --- 13795 रुपये
कुसवा-1277 --- 12770 रुपये
बूढ़ा भरथरा --- 1505 --- 16995 रुपये
अप्रैल में टिकटों की बिक्री और आमदनी
स्टेशन का नाम --- टिकटों की बिक्री --- आमदनी
फतेहपुर मकरंदपुर --- 58 --- 580 रुपये
शिवाला टेहू --- 3400 --- 38500 रुपये
शाहनगर टिमरऊ --- 2500 --- 31000 रुपये
कुसवा --- 2150 --- 21500 रुपये
बूढ़ा भरथरा --- 1785 --- 20750 रुपये