पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार,
संसू, पुरखास : सरायअकिल थाना क्षेत्र के चंदूपुर गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बीच दोहरा हत्याकांड में एसपी ने एक शव पर पैर रखने पर सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है। वहीं गमगीन माहौल और पुलिस फोर्स के बीच मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि गांव में तनाव की स्थिति बरकरार है।
संसू, पुरखास : सरायअकिल थाना क्षेत्र के चंदूपुर गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बीच दोहरा हत्याकांड में एसपी ने एक शव पर पैर रखने पर सिपाही को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया है। वहीं गमगीन माहौल और पुलिस फोर्स के बीच अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि गांव में तनाव की स्थिति बरकरार है। चंदूपुर गांव में खड़ंजा के विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला खूनी संघर्ष तक पहुंचा तो गांव के ही कल्लू उर्फ ईश्वर शरण ने अपनी डीबीबीएल बंदूक से प्रधान कमलेश के भाई रामलखन को गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। आक्रोशित प्रधान पक्ष के लोगों ने भी पथराव शुरू कर दिया और तमंचे से कल्लू पर भी फायर कर दिया। इससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। पथराव में दो सिपाही भी घायल हुए। मामले में पुलिस ने 14 नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आठ को मौके से गिरफ्तार किया। वहीं शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद रामलखन व कल्लू का शव गांव पहुंचा तो परिवार के लोगों ने गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया। वहीं तनाव की स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष हेमंत मिश्र मौके पर पहुंचे। वहीं एसपी ने मामले में लापरवाही बरतने वाले तिल्हापुर चौकी प्रभारी मनोज यादव को लाइन हाजिर कर दिया था। कल्लू पक्ष के कुछ लोगों ने सिपाही रामकुमार मिश्र पर आरोप लगाया कि उन्होंने शव पर अपना पैर रखा था, जो अमानवीय है। रास्ते में म्योहर गांव के समीप साइकिल सवार एक युवक की पिटाई भी की थी। इसका वीडियो व फोटो वायरल होने के बाद एसपी प्रदीप गुप्ता ने सिपाही राम कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। असलहे के साथ एक और आरोपित गिरफ्तार चंदूपुर में दोहरा हत्याकांड के बाद पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। जबकि 14 नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। अन्य आरोपितों की तलाश मे दबिश दे रही पुलिस ने शुक्रवार की रात फिर चंदूपुर गांव में दबिश दी। इस दौरान कल्लू पक्ष से एक आरोपित रमेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास रही एक नाली बंदूक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया। वहीं घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा छाया हुआ है। कल्लू पक्ष के रंजीत, रमेश और लालचंद्र के परिवार वालों ने अपने घरों में ताला लगा रखा है। उन्होंने अपने रिश्तेदार के यहां शरण ले रखी है।