सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत चार लोग घायल
कौशांबी महेवाघाट सैनी व पइंसा थाना क्षेत्रों में हुए मार्ग हादसों में बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हो गए।
कौशांबी : महेवाघाट, सैनी व पइंसा थाना क्षेत्रों में हुए मार्ग हादसों में बुजुर्ग समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के निगहा निवासी लालू प्रसाद का बेटा रामसिंह मछली विक्रेता है। वह सोमवार को मछली बेचने के लिए चित्रकूट के राजापुर बाजार गया हुआ था। रामसिंह के मुताबिक शाम को वापस लौटते समय वह जैसे ही महेवाघाट के ही टिकरा गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
इसी तरह सैनी के डोरमा निवासी लालता प्रसाद मंगलवार की सुबह अपने घर के बाहर झोपड़ी में सो रहा था। परिवार वालों के मुताबिक इस बीच प्रयागराज की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक किसी वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गया और झोपड़ी में घुसते हुए लालता प्रसाद को टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में लालता प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास रहे लोगों ने दौड़ाकर चालक को दबोच लिया। पिटाई के बाद ग्रामीणों ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं गंभीर हालत में लालता प्रसाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सैनी के मीठेपुर सयारां निवासी सबात उल्ला परिवार के ही गुलाम गौस के साथ सोमवार को फतेहपुर के धाता गांव रिश्तेदार के यहां गए थे। वापस लौटते समय वह जैसे ही रात करीब आठ बजे पइंसा के उदिहिन बुजुर्ग गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। लहूलुहान हालत में दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।