सड़क हादसों में शिक्षक समेत चार की मौत
जासं कौशांबी मंझनपुर महेवाघाट व पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए मार्ग हादसों में शिक्षक समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक किशोर घायल हो गया। लहूलुहान हालत में किशोर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जासं, कौशांबी : मंझनपुर, महेवाघाट व पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए मार्ग हादसों में शिक्षक समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक किशोर घायल हो गया। लहूलुहान हालत में किशोर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बा स्थित नयानगर मोहल्ला निवासी रामभवन त्रिपाठी का 26 वर्षीय बेटा आश्रय त्रिपाठी प्राथमिक विद्यालय कोड़र मंझनपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। बुधवार की सुबह वह बाइक से निर्वाचन संबंधी कार्य के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद एनआइसी जा रहे थे। वे जैसे ही मंझनपुर के कादीपुर गांव के समीप पहुंचे कि सामने से आ रहे तांगे से बाइक जा टकराई। इससे उनके सीने में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर तड़पने लगे। आसपास रहे लोग भागकर मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में आश्रय त्रिपाठी को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में मौत हो गई। घटना की जानकारी परिवार वालों को हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी कामता प्रसाद निषाद पूर्व प्रधान हैं। उनकी 45 वर्षीय पत्नी मीना देवी मंगलवार को खेत की तरफ गई थीं। रात करीबन आठ बजे वह खेत से लौट रही थीं। इस बीच अज्ञात वाहन ने मीना को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने कुछ देर बाद लाश पड़ी देखा तो होश उड़ गए। जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकिया कैनी निवासी नरेश रैदास का 30 वर्षीय बेटा फूलचंद्र हिनौता स्थित एक ईंट भट्ठा में मजदूरी करते थे। बुधवार की सुबह वे अपने घर से ईंट भट्ठा जा रहे थे। वे जैसे ही महेवाघाट के हिनौता गांव के समीप पहुंचे कि सामने से आ रहे किसी वाहन को बचाने के चक्कर में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके पास रहे आधार कार्ड के जरिए शिनाख्त कराते हुए परिवार वालों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन पंचनामा के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए परिजन अपने साथ शव लेकर गांव चले गए।
इसी तरह पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के केवटरहा कटरी निवासी सज्जू प्रसाद का 20 वर्षीय बेटा कपीस अपने छोटे भाई नीरज को बुधवार की सुबह बाइक चलाना सिखा रहा था। इस बीच वह जैसे ही गांव के बाहर पहुंचा था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सतीश की मौके पर मौत हो गई। जबकि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास रहे लोग भागकर मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नीरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।