किसान दिवस के रूप में मनाया गया पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन
जासं कौशांबी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह का जन्म दिन किसान दिवस के रूप में मनाया गय
जासं, कौशांबी : पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह का जन्म दिन किसान दिवस के रूप में मनाया गया। कलेक्ट्रेट सभागर में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें किसानों को कृषि संबंधित जानकारी अधिकारियों व कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी गई। कृषि, पशुपालन व क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले 32 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह किसानों के हित के लिए हमेशा प्रयासरत रहे। इसी के मद्देनजर उनके जन्म दिवस को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय को दो गुना करने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसके लिए कृषि व उद्यान विभाग की ओर से तमाम योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी ने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी खेती से किसान अपनी आय बढ़ सकते हैं। इसके लिए उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. मनोज सिंह ने कहा कि फसल की बोआई से पहल किसान मृदा की जांच जरूर कराएं। इसके बाद आवश्यकता नुसार खाद एवं बीजों का उपयोग करें। कृषि डीडी डॉ. उदयभान गौतम ने कहा कि किसान पराली न जलाए इससे वातावरण में प्रदूषण बढ़ता है। पराली को खेतों में ही सड़ाकर मृदा की उर्वरता को बढ़ाते हुए अधिक पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। किसान सम्मेलन को सफल बनाने को तैयार हुई रणनीति
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 25 दिसंबर को जन्मदिवस पर नेवादा ब्लाक क्षेत्र में आयोजित होने वाले किसान सम्मेलन की सफलता को भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के कार्यकर्ताओं ने रणनीति तैयार कर ली है। यूनियन के जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर किसान सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अपील किया।
25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन है। इस मौके पर जनपद समेत पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नेवादा ब्लाक में भी किसान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के जिलाध्यक्ष कंचन गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को क्षेत्र के नेवादा, जरैनी, सेंवथा, तिल्हापुर, जवई, उमरवल, जैतपुर पूरेहजारी, किनार, औधन, दुर्गापुर समेत दर्जनों गांवों में घूमकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील किया। जिलाध्यक्ष ने गांव भ्रमण के दौरान किसानों से मिलकर पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को किसान सम्मेलन के जरिए यादगार बनाने की अपील किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मेलन में क्षेत्र के आसपास गांवों के लगभग तीन हजार किसानों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रधान संघ नेवादा के अध्यक्ष रवींद्र सिंह ने भी ब्लाक क्षेत्र के प्रधानों से मिलकर कार्यक्रम सफल बनाने की बात कही है। इस दौरान जय सिंह, सत्यवान सिंह, राजबहादुर, ओमप्रकाश मौर्य, राजकुमार वाजपेयी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।