दो पक्षों में मारपीट, जमकर चले ईंट-पत्थर
कोखराज थाना क्षेत्र के मूरतगंज बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर भी चले। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष से लोगों को पकड़कर थाने ले गई।
संसू, मूरतगंज : कोखराज थाना क्षेत्र के मूरतगंज बाजार में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर भी चले। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष से लोगों को पकड़कर थाने ले गई। मूरतगंज बाजार निवासी रसीद अहमद का मोहल्ले के ही फैजान से सट्टेबाजी को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसे लेकर शनिवार की दोपहर भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। मोहल्ले वालों के मुताबिक रविवार की शाम करीब छह बजे रसीद अपने दर्जन भर साथियों के साथ आया और गाली-गलौज करने लगा। फैजान ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते उसके तरफ से भी आधा दर्जन से अधिक लोग आ गए। दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई और पथराव किया गया। पथराव में रसीद की दुकान में रखी चूड़ियां टूट गईं और उसकी मां घायल हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से फैजान व शकील भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को थाने लेकर पहुंच गई। फिलहाल तहरीर न मिलने के कारण अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।