पेड़ से लटकती मिली प्रवासी मजदूर की लाश
मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर की लाश सोमवार की सुबह गांव के बाहर पेड़ में फंदे पर लटकती
मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर की लाश सोमवार की सुबह गांव के बाहर पेड़ में फंदे पर लटकती मिली। परिवार के लोग कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं जबकि घटना को लेकर लोग कयास लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिपरी थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी सुंदरलाल का 22 वर्षीय बेटा अन्नू मुंबई में रहकर सिलाई का काम करता था। लॉकडाउन की वजह से इन दिनों वह अपने गांव लौट आया था। 11 मई से वह गांव के बाहर एक बाग में कई प्रवासियों के साथ क्वारंटाइन था। परिवार के लोग उसे सुबह-शाम खाना पहुंचाते थे। परिवारवालों की मानें तो अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद रविवार को ही वह घर पहुंचा। रात को खाना खाने के बाद सो गया। इसके बाद वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया। सुबह जब गांव के कुछ लोगों ने उसकी पेड़ पर लाश लटकी देखी तो होश उड़ गए। जानकारी होने पर बिखलते स्वजन भी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना को लेकर स्थानीय लोग कयास लगा रहे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फंदे पर लटकता मिला महिला का शव
एक विवाहिता की फंदे पर लटकती लाश मिली। सीओ मंझनपुर एसएन पाठक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वहीं, मायके वालों ने पति समेत सास व ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर निवासी रामभवन की शादी जून 2019 में सैनी के रज्जोपुर निवासी उमेश की 21 वर्षीय बेटी सुनीता के साथ हुई थी। उमेश की मानें तो ससुरालीजन आए दिन दहेज के लिए सुनीता को प्रताड़ित करते थे। कई बार मायके वालों ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार की सुबह घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद सुनीता की फंदे पर लटकती लाश मिली। कुछ देर बाद चीखें सुनाई दी तो ग्रामीण भी दौड़कर मौके पर पहुंचे। जानकारी होने पर मृतका के पिता उमेश भी अलीपुर पहुंचे। पिता ने ससुरालियों पर दहेज की खातिर गला दबाकर मारने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सीओ मंझनपुर एसएन पाठक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।