पत्नी को फेसबुक पर बदनाम करने की शिकायत
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज के लिए पहले पत्नी को घर से भगाने के बाद उसे उसके
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज के लिए पहले पत्नी को घर से भगाने के बाद उसे उसके पति ने ही उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाकर उसकी फोटो लगा दी। साथ ही बिचौलिए के रूप में महिला के भाई का मोबाइल नंबर भी उल्लेखित कर दिया। पीड़िता ने यह आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनंदन से गुहार लगाई। शनिवार को एसपी के आदेश पर इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह ने जांच शुरू कर दी है।
कोखराज क्षेत्र की एक विवाहिता की शादी सरायअकिल में हुई थी। कहा जा रहा है कि उसे जब इस बात की जानकारी हुई कि उसके पति के अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध हैं तो उसने विरोध किया। इस पर घर में कलह होने लगी। पति ने जनवरी में उसे घर से भगा दिया था। पीड़िता ने अपने उत्पीड़न की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। विवाहिता के मुताबिक, शुक्रवार को उसके भाई के मोबाइल पर अनजान कॉल आई और उसे बुरा भला कहा गया। काल करने वाले ने बताया कि फेसबुक पर उसकी आइडी है, उसे वहां से यह नंबर मिला है। विवाहिता के भाई ने फेसबुक पर बहन के नाम से बनी फर्जी आइडी देखी। उसका मोबाइल नंबर भी वहां अंकित था। विवाहिता का कहना है कि यह घिनौनी करतूत उसके पति की है। इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह का कहना है कि दहेज की खातिर घर से भगाने, फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाकर बदनाम करने का आरोप पीड़िता ने लगाया है। मामला संज्ञान में है। पीड़िता को बयान के लिए थाने बुलवाया गया है। पूछताछ के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शनिवार शाम तक एफआइआर दर्ज नहीं हो सकी थी।