कौशांबी में दूल्हा दिखा कमजोर तो दुल्हन ने किया विवाह से इन्कार, खाली हाथ लौटे बराती
दुल्हन ने साफ कहा कि दूल्हा कमजोर है इस वजह से वह शादी नहीं करेगी। इसकी सेहत काफी कमजोर लग रही है।
कौशांबी, जेएनएन। विवाह में दू्ल्हे के नशा में होने तथा अभद्र व्यवहार करने के मामले में तो दुल्हन के इन्कार करने की बात आम हो गई है, लेकिन दूल्हे की सेहत को देखकर विवाह से इन्कार करने का अनोखा मामला कौशांबी जिला में सामने आया है। यहां पर सेहत से कमजोर दूल्हा देखने के बाद लड़की ने विवाह से इन्कार कर दिया।
कौशांबी के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के लोहकटिया गांव में कल देर रात फतेहपुर के धाता गांव से बरात आई थी। यहां पर विवाह की रस्म अदायगी शुरू हुई। इस बीच जब अग्नि के सामने सात फेरे लेने का समय आया तो दुल्हन एक किनारे खड़ी हो गई।
किनारे खड़ा होने का कारण पूछने पर उसने शादी करने से इन्कार कर दिया। दुल्हन ने साफ कहा कि दूल्हा कमजोर है, इस वजह से वह शादी नहीं करेगी। इसकी सेहत काफी कमजोर लग रही है। इसके बाद जब परिवार वालों ने समझाने का प्रयास किया तो उसने हंगामा शुरू कर दिया।
गांव में पूरी रात बिरादरी व ग्रामीणों की पंचायत चली लेकिन दुल्हन शादी करने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार बिना शादी के दूल्हा समेत बराती वापस लौट गए।