सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, चचेरा भाई घायल
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव के रहने वाले युवकों की बाइक प्रयागराज के धूमनगंज एयरपोर्ट कालोनी के समीप मवेशी से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दिए बिना परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
संसू, कसेंदा : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव के रहने वाले युवकों की बाइक प्रयागराज के धूमनगंज एयरपोर्ट कालोनी के समीप मवेशी से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की सूचना पुलिस को दिए बिना परिवार के लोगों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अहमदपुर पावन निवासी जगलाल दूध का कारोबार करता है। उसका 18 वर्षीय बेटा अमन अपने चचेरे भाई छोटू पुत्र शोभेलाल के साथ शुक्रवार की शाम बाइक से पिपरी के मेड़वारा निवासी परहा पाल की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गया था। निमंत्रण के बाद दोनों बाइक से कटहुला गांव नानी के यहां जा रहे थे। परिवार वालों का कहना है कि बाइक अमन चला रहा था। रात करीब 10 बजे वह जैसे ही एयरपोर्ट कालोनी के समीप पहुंचे थे, तभी एक भैंस रास्ते में आ गई। उससे टकराकर बाइक पलट गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोग एंबुलेंस की मदद से उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन भोर करीब तीन बजे अमन की मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी घायल छोटू के जरिए परिवार वालों को हुई तो वह भी अस्पताल पहुंच गए थे। मौत के बाद परिवार के लोग शव लेकर गांव आ गए और अंतिम संस्कार कर दिया। कुत्ते को बचाने में पलटी बाइक, युवक घायल
संसू, कसेंदा : पिपरी थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव के समीप कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाके के कादिलपुर निवासी संजय पाल खेती करके परिवार का भरण पोषण करता है। शुक्रवार को वह किसी काम से काठगांव गया था। उसका कहना है कि वापस लौटते समय शाम करीब सात बजे वह जैसे ही विलासपुर गांव के समीप पहुंचा था, तभी एक कुत्ता उसे देख कर भौंकने लगा और बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे संजय घायल हो गया। आसपास रहे लोग भागकर मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे।