बेटी के सामने पत्नी की हत्या, खुद बुलाई पुलिस
-दहेज हत्या में दर्ज कराया गया है मुकदमा -कासगंज के गांव कुरामई की घटना आए दिन होता था दोनों में झगड़ा
कासगंज, जागरण संवाददाता। थाना क्षेत्र के कुरामई गांव में मंगलवार को आपसी कहासुनी में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस को खुद ही फोन कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान दंपती की आठ वर्षीय पुत्री मां को बचाने के लिए बिलखती रही। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मृतका के स्वजन ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
एटा निवासी रामपाल की पुत्री नीलम की शादी आठ वर्ष पहले कुरामई निवासी सुभाष पुत्र रामचरण के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में झगड़ा होने लगा। मंगलवार सुबह भी दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर सुभाष ने नीलम के साथ पहले मारपीट की और फिर गला दबा दिया। इस दौरान बेटी कमरे में पहुंच गई। वह मां को बचाने के लिए रोने लगी, लेकिन सुभाष ने उसे भी अनदेखा कर दिया। हत्या के बाद में सुभाष ने यूपी 112 पर फोन कर पत्नी की हत्या की जानकारी दी। सीओ आरके तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव सिरोही ने सुभाष को हिरासत में ले लिया। महिला के पिता रामपाल ने इस मामले में पति सुभाष के अलावा सास एवं जेठ-जेठानी पर भी दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
बच्ची ने भी पुलिस को दिया बयान: हादसे के बाद मृतका की बेटी काफी डरी हुई थी। उसने पुलिस को बताया कि मम्मी-पापा में झगड़ा होता था। पापा ने मम्मी की गला दबाकर हत्या कर दी।
दिल्ली में भी होता था झगड़ा
सुभाष दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। वहां भी दोनों के बीच में अक्सर झगड़ा होता था। कुछ वर्ष पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद स्वजन ने समझौता कराया था। लेकिन झगड़ा बंद नहीं हुआ।