यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, प्रधानाचार्यों को मिले निर्देश
यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथियां बढ़ा दी गई हैं।

HighLights
परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर।
ऑनलाइन आवेदन विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर।
परीक्षार्थियों के विवरण में संशोधन 1 से 6 अक्टूबर तक।
जागरण संवाददाता, कासगंज। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क जमा करने और आनलाइन आवेदन की तिथियां बढ़ा दी गई हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के बाद डीआइओएस ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संस्था के प्रधान द्वारा छात्रों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को कोषागार में एकमुश्त चालान के माध्यम से जमा करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर निर्धारित की गई है।
वहीं, 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक शुल्क और परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने होंगे।
डीआइओएस रजनेश कुमार ने वेबसाइट से प्राप्त चेकलिस्ट के आधार पर परीक्षार्थियों के विवरण की जांच और संशोधन के लिए एक से छह अक्टूबर तक दोपहर 12 बजे तक अवसर मिलेगा। इस अवधि में केवल संशोधन किया जा सकेगा, किसी नए परीक्षार्थी का विवरण अपलोड नहीं होगा।
पंजीकृत परीक्षार्थियों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोषपत्र की एक प्रति परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में भेजने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
