तीन क्विटल प्रतिबंधित मांस के साथ चार मीट कारोबारी गिरफ्तार
बाइक पर गोमांस रख कर ले जा रहे थे बिक्री के लिए एएसपी के नेतृत्व में पटियाली पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद सहयोगी, पटियाली : मांस विक्रेताओं के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पटियाली पुलिस के हाथ रविवार रात बड़ी कामयाबी हाथ लगी। बाइक से प्रतिबंधित मांस ले जा रहे कारोबारियों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनसे तीन क्विटल प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ है। वहीं कार्रवाई के दौरान एक आरोपित फरार हो गया। पुलिस मांस को जांच के लिए भेज रही है।
एसपी अशोक कुमार के निर्देशन में पुलिस द्वारा अभियान छेड़ा हुआ है। एएसपी डॉ.पवित्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में पटियाली पुलिस रविवार रात को बदमाशों की तलाश में थी। इस दौरान पुलिस को तीन बाइक पर चार लोग आते हुए नजर आए। पुलिस ने जब इन्हें रोकने का प्रयास किया तो यह हड़बड़ा गए तथा भागने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा। इनके पास से प्रतिबंधित मांस के बैग मिले। इनमें तीन क्विटल से ज्यादा मांस है। पुलिस ने तीनों बाइक कब्जे मे ले ली। इस दौरान एक आरोपित भाग गया। पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम कासिम पुत्र सजुद्दीन, सोहिल पुत्र शकील निवासी गनेशपुर थाना गंजडुंडवारा, गुलफाम पुत्र इरफान एवं आविद पुत्र उमर निवादी ददवारा राजीव नगर थाना एवं कसबा अमांपुर बताए हैं। वहीं फरार आरोपित का नाम पर आरिफ निवासी भरगेन बताया है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिव कुमार सिंह, मनीष कुमार प्रदीप, रीतेश, नीरज, बलवीर, मनोज चौधरी आदि शामिल थे।