कासगंज में आकाशीय बिजली का कहर, पेड़ पर गिरी...तीन की मौत; गांव में पसरा मातम
कासगंज के नगला माधव गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला माधव में गुरुवार की दोपहर 4:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों गांव से करीब 100 मीटर दूर सूख रही मक्का की फसल पर तिरपाल डालने गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर वे पास में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से तीनों उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
तीनों एक ही परिवार के है। रिश्ते में देवर,भाभी और बेटी शामिल है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव नगला माधव निवासी 30 वर्षीय नीरज पुत्र अतर सिंह, 36 वर्षीय रामवती उर्फ रामू पत्नी सुभाष और रामवती की 11 वर्षीय पुत्री कशिश गुरुवार को गांव से कुछ दूरी पर सूख रही मक्का की फसल को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल डालने गए थे।
इसी बीच मौसम खराब हो गया और बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए तीनों पास में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सहावर पुलिस तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक साथ एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की घटना दुखद है। मृतकों के परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
