सेवानिवृत फौजी के घर से लाखों की चोरी
पटियाली के गांव जिनौल में एक महीने में दूसरी वारदात अगले माह नातिनी की सगाई तैयार कराए थे आभूषण
पटियाली, संवाद सहयोगी : गांव जिनौल में गुरुवार को सेवानिवृत्त फौजी के घर से लाखों की चोरी से दहशत फैल गई। जगार होने पर चोर घर से संदूक उठा कर भाग गए। गांव में एक महीने के अंदर यह दूसरी वारदात है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
सेवानिवृत फौज राजपाल सिंह घर के आंगन में सो रहे थे। परिवार के सदस्य छत पर थे। बेटे खुशीपाल की पत्नी गुड्डो देवी के आभूषण एवं नकदी बक्शे में थी। रात में घर में घुसे चोरों ने संदूक के ताले तोड़ने का प्रयास किया। आहट सुनकर राजपाल की नींद खुल गई। इधर शोर सुनकर गुड्डो देवी भी पहुंच गई। इधर चोर संदूक लेकर ही घर से भाग गए। राजपाल ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाते हुए गायब हो गए। राजपाल के अनुसार चोर तीन सोने की जंजीर, एक सोने का हार, चार चूड़ी, झाले, छह कंगन एवं पांच अंगूठी के साथ 50 हजार रुपये चुरा ले गए। गुड्डो देवी ने बताया कि बेटी रीता चौहान की सगाई अगले महीने होनी है। इसके लिए जेवर तैयार कराए थे। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने चोरी की वारदात की जांच की।
नहर की पटरी पर तोड़े ताले :
चोरों ने घर से संदूक चुराया, लेकिन आहट होने पर भाग गए। बाद में इन्होंने नहर की पटरी के किनारे संदूक ताला तोड़कर सामान चुराया। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में बताई जाती है। संदूक के नहर किनारे पड़ा होने की जानकारी पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गई।
कुछ दिन पहले भी शादी वाले घर में हुई थी चोरी : गांव जिनौल में एक महीने पहले किशनलाल पुत्र कन्हैई राम के बंद मकान में भी चोरी की वारदात हुई थी। चोर छत से उतर कर घर में घुसे तथा लाखों के आभूषण एवं नकदी चुरा ले गए। परिवारीजन बाहर गए हुए थे। घर में किशन के भाई विनोद की सगाई के लिए सामान रखा हुआ था।