धूल भरी आंधी, चमकी बिजली, बूंदाबांदी
तल्ख धूप लोगों को परेशान कर रही थी। रात साढे आठ बजे करीब एकाएक आंधी शुरू हो गई।
जागरण संवाददाता, जागरण संवाददाता। शनिवार शाम एकाएक मौसम बदल गया। रात साढे़ आठ बजे करीब एकाएक तेज धूल भरी आंधी से बाजार में भी अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने दुकानों का सामान समेटना शुरू कर दिया तो गांव देहात में छप्पर उड़ गए। बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ बूंदाबांदी भी शुरू हो गई।
शनिवार को दोपहर में मौसम साफ था। तल्ख धूप लोगों को परेशान कर रही थी। रात साढे आठ बजे करीब एकाएक आंधी शुरू हो गई। तेज धूल भरी आंधी को देख ठेल-खोमचे वाले भी अपनी ठेल पर रखे हुए सामान को बचाते नजर आए। बाजार में भी अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने दुकानों में धूल घुसने से रोकने के लिए शटर गिरा दिए तो राहों पर भी वाहनों की रफ्तार थम गई। दुपहिया वाहन चालक घर पहुंचने की जल्दी में नजर आए। देर रात तक तेज हवाओं के साथ में आसमान में बिजली चमक रही थी। वहीं बूंदाबांदी शुरू होने से गांव में किसान भी परेशान हो गए। जिन किसानों की फसल पक कर तैयार हो गई, उन्हें चिता थी कहीं रात में तेज बरसात से फसल को नुकसान न पहुंच जाए।
घरों में लगा धूल का ढेर :
एकाएक आई आंधी से घरों में बैठे लोग भी परेशान हो गए। खिड़कियों एवं दरवाजों से धूल घरों के अंदर तक पहुंच गई। वहीं देर रात तक खुली रहने वाली दुकानें भी मौसम बिगड़ने पर रात नौ बजे ही बंद हो गई।