अग्रवाल एंटरप्राइजेज से भरे तेल के सैंपल
संदेह के आधार पर एक फर्म से तेल के सैंपल भरे गए तो नदरई में दुकानों से खोआ और कचरी के सैंपल भरे।
कासगंज, जागरण संवाददाता। होली के पर्व पर मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चला रखा है। बुधवार को संदेह के आधार पर एक फर्म से तेल के सैंपल भरे गए तो नदरई में दुकानों से खोआ और कचरी के सैंपल भरे।
होली पर घरों में पकवान बनाए जाते हैं। इस अवसर पर तेल, खोआ के साथ में चिप्स तथा कचरी की जमकर बिक्री होती है। ऐसे में मिलावटखोर कहीं केमिकल युक्त रंगों से होली के रंग में भंग न डाल दें। इसको देखते हुए खाद्य विभाग ने अभियान छेड़ा हुआ है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम ने अग्रवाल एंटरप्राइजेज पर छापा मारा। यहां पर पॉम ऑयल एवं सरसों के तेल में मिलावट के संदेह पर सैंपल भरे। नदरई में मिठाई विक्रेता नरेश के यहां खोआ में संदेह होने पर इसका नमूना भरा। वहीं सनी किराना स्टोर से कचरी के सैंपल भरे गए। टीम में अभिहीत अधिकारी नाजिर अली एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद्र सोनकर भी शामिल थे।