कोषागार कर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार
काली पट्टी बांध कर किया विरोध प्रदर्शन सचिवालय के समान वेतन की उठाई मांग
जागरण संवाददाता, कासगंज : बुधवार को कोषागार कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सरकार के द्वारा कोषागार कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कर्मचारी बुधवार को कोषागार में पहुंचे, लेकिन कोषागार कर्मचारी संघ के आह्वान पर दोपहर तीन बजे से काली पट्टी बांध कार्य बहिष्कार पर चले गए। तीन बजे से पांच बजे तक काम न करते हुए उन्होंने हुंकार भरी। अध्यक्ष केके सिंह ने कोषागार कर्मचारियों को सचिवालय के समान वेतन देने की मांग उठाई। मंत्री गौरव कुमार पांडेय ने कोषागार की विभिन्न समस्याओं पर मंथन किया। रिक्त पदों पर विभागीय भर्ती, सचिवालय के समान वेतन एवं भत्ते और लेखा संवर्ग के सहायक लेखाकार एवं लेखाकारों को विभाजित करने की मांग की। सर्वेश मिश्रा ने कहा कि सरकार कोषागार कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। अशोक कुमार एवं अमित सविता ने कहा कि सरकार शासनादेश जारी करे। रवि कुमार ने 16 सितंबर को लखनऊ में होने वाले धरना-प्रदर्शन की जानकारी देते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। प्रदीप साहू ने कहा अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एकता रानी शर्मा एवं जय प्रकाश सिंह ने भी विचार व्यक्त किए।