चप्पे-चप्पे पर फोर्स, डीएम-एसपी ने संभाली कमान
सुरक्षा का दिलाया भरोसा बनाएं रखें सौहार्द
जागरण संवाददाता, कासगंज : शनिवार शाम एकाएक शहर के चौराहों पर पुलिस तैनात दिखने लगी। दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ हर जगह फोर्स को देख लोग भी चौंक गए। आपस में बातें करने लगे। यह पुलिस का दंगा नियंत्रण रिहर्सल था। आगामी पर्वों के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी और एसपी ने भी शाम को शहर में भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। स्वतंत्रता दिवस, ईद, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी पर्वो पर अराजक तत्व अपने मंसूबे पूरे न कर सके। इसके लिए पुलिस मुस्तैद है। डीएम सीपी सिंह एवं एसपी सुशील घुले के निर्देशन में शहर में शनिवार को दंगा नियंत्रण का रिहर्सल किया। पांच बजे शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस मुस्तैद हो गई। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भी पुलिस तैनात रही। जैकेट एवं दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ पुलिस को देख लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे। शाम को प्रभु पार्क से डीएम एसपी के निर्देशन में फ्लैग मार्च शुरू हुआ। इस दौरान एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ आईपी सिंह, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार दुबे सहित आदि शामिल थे।