कोरोना संक्रमण में देश को आत्मनिर्भर बना रहे पीएम
वर्चुअल व्याख्यानमाला का बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने समापन किया। इस आयोजन से प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियां भी जुड़ी रहीं।
कासगंज, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा द्वारा शुक्रवार को वर्चुअल व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। इसका समापन करते हुए भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष ने देश हित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
पश्चिम एवं बृज क्षेत्र की कार्यशाला शाम चार बजे प्रारंभ हुई। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अलका तोमर के साथ में पदमश्री राजेश्वर आचार्य ने संबोधित किया। वहीं, भाजपा नेता अंजुला माहौर एवं प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी प्रधानमंत्री के कृतित्व पर प्रकाश डाला। समापन सत्र में बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यकुशलता से कई समस्याओं का समाधान हुआ। किसानों के लिए हितकारी बिल पास किया। कोविड संक्रमण में भी देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी आर्थिक पैकेज दिया। नागरिकता संशोधन अधिनियम कानून लागू किया। राम मंदिर निर्माण शुरू कराने के साथ में धारा 370 को हटाया। उनकी कार्यशैली से आज देश की अलग पहचान है, हर कार्यकर्ता को उनके नक्शे कदम पर चलना चाहिए।