मकर संक्रांति के लिए बाजार में हुई खरीदारी
मकर संक्राति पर जमकर हुई गजक की बिक्री, सज गईं दुकानें
कासगंज, जागरण संवाददाता। मकर संक्रांति पर्व को लेकर भ्रम है। कुछ लोग 14 को संक्रांति बना रहे हैं तो कुछ 15 को।। मगर बाजार में संक्रांति की रौनक अभी से छाने लगी है। शहर में रविवार को ही मकर संक्रांति को देखते हुए दुकानें सज गई। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर देहात के मार्गों पर भी दुकानों को खासतौर पर सजाया गया। कई गजक दुकानदारों ने तो अपनी दुकान पर फूलमालाएं भी लगाईं।
मकर संक्रांति पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। घरों में भी रविवार से तैयारियां शुरू हो गई है। मकर संक्रांति पर तिल के लड्डू दान करने की पंरपरा है। महिलाओं ने घरों में तिल के लड्डू बनाए तो मकर संक्रांति को घर-घर में खिचड़ी बनेगी। दान के पर्व को लेकर भी बाजार में भीड़ रही। मकर संक्रांति को 14 चीज दान करने की परंपरा है। इसको लेकर महिलाएं एवं पुरुषों की भीड़ दुकानों पर रही। कोई प्लास्टिक का सामान खरीदता हुआ नजर आया तो कोई अन्य सामान। इधर मकर संक्रांति पर गजक की भी अच्छी बिक्री होती है। इसके साथ में मूंगफली की दुकानें भी गली-गली में सजी नजर आई।
मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद करेंगे दान : मकर संक्रांति को मंदिरों पर भी जरूरतमंदों की भीड़ नजर आएगी। कई लोग इस पर्व पर मंदिरों में पहुंच कर दान की परंपरा निभाते हैं तो शहर में जगह-जगह पर खिचड़ी भोज सहित अन्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।