प्रशासन ने खोला काउंटर, 35 रुपये किलो प्याज
इस केंद्र पर सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध कराई गई है। वहीं जमाखोरों को चेतावनी दी है।
जागरण संवाददाता, कासगंज: प्याज की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर आम उपभोक्ता को सस्ती प्याज दिलाने के लिए डीएम ने गल्ला मंडी परिसर में बिक्री केंद्र स्थापित किया है। इस केंद्र पर सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध कराई गई है। वहीं जमाखोरों को चेतावनी दी है। इन दिनों प्याज की कीमतें आसमान छू रहीं है। प्याज की कीमत बढ़ जाने से जमाखोरी बढ़ गई है। आम आदमी को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध हो सके। इसके लिए डीएम सीपी सिंह ने पहल की है। डीएम की पहल पर गल्ला मंडी परिसर में प्याज की बिक्री के लिए काउंटर खुलवाया है। इस काउंटर से आम उपभोक्ताओं को 35 रूपये किलो प्याज उपलब्ध कराई जा रही है। डीएम सीपी सिंह ने कहा है किसी को भी प्याज की जमाखोरी नहीं करने दी जाएगी। सरकार द्वारा खुदरा एवं थोक प्याज विक्रेताओं की भंडारण सीमा तय कर दी गई है। निर्धारित सीमा से अधिक प्याज का भंडारण करने पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने आम उपभोक्ताओं से कहा कि वह अपनी जरूरत के लिए मंडी के बिक्री केंद्र से प्याज खरीद सकते हैं।