बूथों पर पहुंचे डीएम-एसपी, मतदाताओं को दिलाया भरोसा
बूथों पर देखी व्यवस्थाएं मतदाताओं से भी की बात बॉर्डर पर कराई चेकिग अधिकारियों को दिए निर्देश
कासगंज, जागरण संवाददाता। गुरुवार शाम को डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां पर व्यवस्थाओं को देखा तो उन्होंने मतदाताओं से भी बात की। उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बेखौफ होकर मतदान करें। लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्सव की तरह मनाएं। इसके साथ में जिले के बॉर्डर पर चेकिग की।
मतदान को लेकर बूथों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गुरुवार शाम को डीएम सीपी सिंह और एसपी अशोक कुमार ने बूथों का संयुक्त भ्रमण किया। बिलराम के बूथ पर गए तो ढोलना का भी निरीक्षण किया। दर्जनों बूथों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भी बात की। उनसे समस्याएं पूछी तो बेखौफ होकर मतदान करने का आश्वासन देते हुए भरोसा दिलाया। डीएम ने ग्रामीणों को वोट डालने का संदेश दिया। बूथों के निरीक्षण के साथ में उन्होंने अलीगढ़ की सीमा पर रात आठ बजे करीब वाहन चेकिग भी कराई।
फोर्स के रहने की व्यवस्था देखी :
डीएम और एसपी ने निरीक्षण के दौरान फोर्स के रुकने की व्यवस्था के लिए स्थान देखा। देर रात एनआर डिग्री कॉलेज ढोलना का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा है कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। मतदाता बेखौफ होकर मतदान करें। बूथों पर सभी व्यवस्थाएं दुरस्त रहेंगी।