संक्रमण के साथ प्रदूषण से बचने को भी मास्क जरूरी
यातायात पुलिसकर्मी नियमों का पालन कर रहे हैं। ड्यूटी के दौरान मास्क पहने रहते हैं। साथ ही शारीरिक दूरी का पालन करते हैं।
कासगंज, संवाद सहयोगी। यातायात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नियमों का ध्यान रख रहे हैं। पुलिसकर्मी मानते हैं कि संक्रमण से बचने के लिए मास्क जरूरी तो है। साथ ही वाहनों के प्रदूषण से बचने के लिए भी मास्क की उपयोगिता है।
दोपहर 12 बजे: शहर के सोरों गेट स्थित अमांपुर तिराहे पर यातायात पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को नियंत्रण कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान वह मास्क पहने हुए थे और शारीरिक दूरी का पालन कर रहे थे। बिना मास्क आने-जाने वालों को रोककर उन्हें मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलने का सुझाव दे रहे थे।
दोपहर 12.30 बजे: शहर के बिलराम गेट चौराहे पर लगभग आधा दर्जन पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे थे। सभी के चेहरे मास्क से ढके थे। साथ ही उनके बीच शारीरिक दूरी भी बनी हुई थी।
पुलिसकर्मियों को मिलता है दोहरा लाभ: यातायात पुलिसकर्मी राजेश ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क बहुत जरूरी है, लेकिन यातायात पुलिसकर्मियों को तो इसका दोहरा लाभ है। संक्रमण के साथ-साथ वाहनों के प्रदूषण से भी राहत मिलती है।