कासगंज: ढाई साल से बेटी लापता, पुलिस ने नहीं की सुनवाई तो मजबूर मां चढ़ी टॉवर पर
कासगंज में ढाई साल से लापता बेटी की बरामदगी न होने से परेशान मां मुन्नी देवी दूसरी बार मोबाइल टावर ...और पढ़ें

कासगंज में टॉवर पर चढ़ी महिला।
HighLights
कासगंज में मोबाइल टावर पर चढ़कर किया प्रदर्शन।
पुलिस के आश्वासन पर चार घंटे बाद नीचे उतरीं।
जागरण संवाददाता, कासगंज। दो साल छह माह से लापता बेटी की बरामदगी नहीं होने से परेशान मां सोमवार को दूसरी बार मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गई। दोपहर करीब 2:15 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मामो में हुई घटना से खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल कर्मी पहुंच गए। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए अधिकारी लगातार समझाते रहे, लेकिन वह बेटी की बरामदगी की मांग पर अड़ी रहीं।
शाम तक उसे नीचे उतारने के प्रयास करते रहे, लेकिन महिला अपनी बेटी की बरामदगी की जिद पर अडिग रही। छह घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा है। करीब चार घंटे बाद महिला को नीचे उतारा जा सका।
सोरोंजी क्षेत्र के गांव जरैथा निवासी मुन्नी देवी पत्नी ऋषिपाल सिंह का आरोप है कि गांव नगला सेडू निवासी अतुल मौर्य उसकी बेटी को लेकर चला गया। सात अप्रैल 2024 को मुकदमा दर्ज कराया गया था। लेकिन बेटी का पता नहीं चल सका। वह कई बार पुलिस अधिकारियों से बेटी की बरामदगी की गुहार लगा चुकी है। मुन्नी देवी इससे पहले नौ सितंबर को भी बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर टाॅवर पर चढ़ गई थीं।
उस समय पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे नीचे उतारा था। सोमवार को वह सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मामो में प्रेम सिंह के घर पर बने मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गई। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सदर कोतवाल जगदीश चंद्र सोरों कोतवाल लोकेश भाटी , महिला थानाध्यक्ष शांति देवी के अलावा सीओ आंचल चौहान ने मौके पर पहुंचकर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया।
महिला के बार-बार इस तरह विरोध जताने से बेटी की बरामदगी का मामला फिर चर्चा में आ गया। सीओ, कासगंज आंचल चौहान ने बताया कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी करने की कहने पर महिला को टाॅवर से नीचे सुरक्षित उतार लिया गया है। महिला की बेटी की गिरफ्तारी को लेकर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही महिला की बेटी को बरामद कर लिया जाएगा।
चार घंटे 11 मिनट बाद उतरीं
पुलिस अधिकारियों के मुन्नी देवी को समझाने में मशक्कत करनी पड़ी। आरोपितों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद ही वह चार घंटे 11 मिनट बाद टाॅवर से नीचे उतरीं।
