विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज: पुलिसकर्मियों ने इंजीनियर को एक मिनट में जड़े 15 तमाचे, वीडियो हुआ वायरल

By Suman Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 15 Sep 2026 09:32 PM (IST)

जल जीवन मिशन के इंजीनियर ने कासगंज में दो सिपाहियों पर बाइक रोककर पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट ...और पढ़ें

कासगंज में इंजीनियर को तमाचे जड़ता सिपाही। वीडियो ग्रैब

कासगंज में इंजीनियर को तमाचे जड़ता सिपाही। वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, कासगंज। जल जीवन मिशन में इंजीनियर के पद पर कार्यरत युवक ने दो सिपाहियों पर बाइक रोककर रुपये मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह से की है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और आडियो रिकार्डिंग होने का दावा भी किया है।

मारपीट का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मिरहची थाना क्षेत्र निवासी सौरभ सिंह जल जीवन मिशन की भिटौना-टू साइट पर इंजीनियर हैं। उन्होंने एसपी को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात करीब 1:30 बजे साइट पर कास्टिंग का काम कराने के बाद वह बाइक से कमरे पर लौट रहे थे

रास्ते में दो आरक्षियों ने उनकी बाइक रुकवा ली और दस्तावेज चेक किए। सौरभ सिंह के अनुसार बाइक के सभी दस्तावेज सही पाए जाने के बाद भी दोनों आरक्षियों ने उनसे रुपये की मांग की। रुपये देने से इंकार करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान आरक्षी कपिल भारद्वाज और अंकित ने करीब एक मिनट तक उनके गाल पर 15 तमाचे जड़े। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पीड़ित ने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और आडियो रिकार्डिंग उसके पास मौजूद है। उसने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी उपलब्ध कराई है।

मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच सदर सीओ आंचल चौहान को दी गई है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

-

-ओपी सिंह, एसपी कासगंज