तिरंगा यात्रा की अफवाह फैलाने वाले दो दर्जन चिह्नित
शहर में कई स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा को लेकर भावनाएं भड़काने वालों को पुलिस ने चिहित किया है। इनके खिलाफ जल्द ही निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जासं, कासगंज: शहर में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा को लेकर चर्चाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस प्रशासन किसी भी हाल में तिरंगा यात्रा के समर्थन में नहीं है। इधर पुलिस ने ऐसे दो दर्जन लोगों को चिह्नित किया है, जो तिरंगा यात्रा की अफवाह सोशल मीडिया पर फैला रहे है। पुलिस जल्द ही इनके खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है। गली-गली खुफिया तंत्र ने सक्रियता और भी बढ़ा दी है। डीएम और एसपी स्वयं निगरानी कर रहे है।
शहर में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा निकाले जाने से बवाल हो गया था। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस नजदीक है। ऐसे में तमाम देशभक्त तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे है और अंदरखाने एक बड़ा तबका तैयारी भी कर चुका है। इधर पुलिस प्रशासन को आशंका है कि यदि तिरंगा यात्रा निकाली गई तो शहर में फिर से बवाल हो सकता है, शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। जबकि हर जुबां पर चर्चा है कि देशभक्त यदि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा नहीं निकालेंगे तो फिर देशभक्ति की बात कैसे कही जा सकती है। वहीं, पुलिस प्रशासन किसी भी हाल में यात्रा का पक्षधर नहीं है। दो संस्थाओं ने अनुमति भी मांगी है, लेकिन प्रशासन ने अभी जवाब नहीं दिया है। वहीं प्रशासन ने शहर की स्थिति जानने को खुफिया दूतों का जाल बिछा दिया है। पुलिस अब तक लगभग दो दर्जन ऐसे लोगों को चिह्नित कर चुकी है, जो तिरंगा यात्रा निकालने की अफवाह फैला रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने जा रही है। पुलिस के खुफिया दूत शहर भर में लगे हुए है।
दो दर्जन असामाजिक तत्व ¨चहित कर लिए गए है, इनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा और भी लोगों को चिह्नित किया जा रहा है, जो अफवाह फैला रहे हैं।
- अशोक कुमार ¨सह, कोतवाली प्रभारी, कासगंज
तिरंगा यात्रा की अनुमति पुलिस द्वारा जिले भर में किसी को नहीं दी गई है। कोई भी नई परंपरा नहीं बनाई जा सकती। जिले में तिरंगा यात्रा कहीं भी नहीं निकलेगी। इसको लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
- शिव हरि मीणा, एसपी