इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती तो कासगंज से गहने लेकर मुजफ्फरनगर पहुंची किशोरी, तीन दिन बंधक बनाकर दुष्कर्म
कासगंज की एक 16 वर्षीय किशोरी इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद मुजफ्फरनगर पहुंची, जहां उसे तीन दिन तक बंधक बनाने ...और पढ़ें

HighLights
कासगंज की किशोरी इंस्टाग्राम पर मुजफ्फरनगर के युवक से मिली।
युवक के बुलाने पर गहने-नकदी लेकर मुजफ्फरनगर गई।
तीन दिन बंधक बनाकर रखा, शोर मचाकर चंगुल से भागी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। एक 16 वर्षीय किशोरी की इंस्टाग्राम पर मुजफ्फरनगर के युवक से दोस्ती हो गई। दोनों में बातचीत होने लगी। उससे मिलने के लिए युवक दो बार कासगंज भी आया। इसी भरोसे वह युवक के बुलाने पर अपने घर से गहने और नकदी लेकर चली गई।
किशोरी ने मुजफ्फरनगर पुलिस के समक्ष आरोप लगाया है कि उसे तीन दिन तक किसी मकान में बंधक बनाकर रखा गया। आरोपित उसे ठिकाने लगाने ले जा रहे थे, शोर मचाकर वह उनके चंगुल से छूट आई। मुजफ्फरनगर पुलिस की सूचना पर परिवार यहां से रवाना हो गया है।
यह है पूरा मामला
कासगंज शहर की रहने वाली किशोरी एक वर्ष से इंटरनेट मीडिया के जरिए मुजफ्फरनगर के कृष्णापुरी निवासी युवक रुद्रा वर्मा के संपर्क में थी। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती हुई थी और फिर बातचीत होने लगी। युवक दो बार उससे मिलने के लिए कासगंज भी आ चुका था। उसके कहने पर 23 सितंबर को अपने घर से नकदी, गहने लेकर निकली थी।
उसके पास मोबाइल फोन भी था। किशोरी ने मुजफ्फरनगर पुलिस को जो बयान दिया है उसके मुताबिक जब वह मुजफ्फरनगर पहुंची तो उसे रुद्रा और उसके दो साथी मिले, जो एक कमरे पर ले गए, जहां उसे बंधक बना लिया। उसका मोबाइल फोन, गहने और नकदी भी छीन ली।
इसके बाद शनिवार रात किशोरी को ठिकाने लगाने के लिए आरोपित कार से ले जा रहे थे, रास्ते में लोगों की मौजूदगी दिखी तो उसने शोर मचाया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसे देख लिया। आरोपित किशोरी को छोड़कर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अपने साथ ले गई।
किशोरी ने आपबीती पुलिस को बताई। अपने परिवार के फोन नंबर दिए, तब मुजफ्फरनगर पुलिस ने रविवार सुबह किशोरी के स्वजन को सूचना दी तो वे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। किशोरी पढ़ती है। परिवार के लोग कुछ ज्यादा नहीं बता पा रहे। किशोरी के पिता सरकारी कर्मचारी हैं। स्वजन ने इतना ही बताया कि वे मुजफ्फरनगर पुलिस को तहरीर देंगे।
मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। किशोरी को सुरक्षित बरामद कर उसके स्वजन को सूचना दी गई है। प्रकरण से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। कासगंज एसपी से बात की जा रही है। किशोरी कासगंज से यहां आई थी। मुकदमा कासगंज में ही लिखना चाहिए। अधिकारियाें से बात चीज की जा रही है। किशोरी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धार्थ मिश्रा, सीओ सिटी मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर पुलिस से कासगंज की किशोरी के साथ अनहोनी घटना की सूचना प्राप्त हुई है। किशोरी के स्वजन भी मुजफ्फरनगर पहुंच गए हैं। चूंकि घटना स्थल मुजफ्फरनगर जनपद का है, इसलिए वहीं संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। प्रकरण में नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
-ओपी सिंह, एसपी कासगंज।
