सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन पर सोरों हरिपदी गंगा में उमड़ी आस्था, श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन पर सोरों के हरिपदी गंगा कुंड में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने आस्था की डुबकी ...और पढ़ें

सोरों में हरिपदी गंगा में डुबकी लगाते श्रद्धालु।
संवाद सूत्र, सोरों (कासगंज)। सावन मास की पूर्णिमा पर शुक्रवार को सोरों के हरिपदी गंगा कुंड पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हरिपदी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। स्नान के दौरान घाटों पर हर-हर गंगे और गंगा मैया के जयकारे गूंजते रहे।
पूर्णिमा पर गंगा स्नान का सिलसिला शुक्रवार की तड़के चार बजे से शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान करने के बाद सूर्यदेव को अर्ध्य दिया और घाट किनारे पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने गंगा तट पर दीप जलाकर मां गंगा की आरती की।
हरिपदीय गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की गईं। घाटों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए लोगों से गहरे पानी में न जाने की अपील की गई।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सोरों के प्राचीन वराह मंदिर में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। इससे नगर के प्रमुख बाजारों और मंदिर मार्गों पर चहल-पहल बढ़ी रही।
