महिला की हत्या कर गंगा में फेंक दिया शव, कासगंज पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किए दो आरोपी; दोनों के पैर में लगी गोली
कासगंज में महिला मीना सिंह की हत्या के दो इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए। पुलिस की गोली ...और पढ़ें

मुठभेड़ स्थल पर कासगंज के एसपी ओपी सिंह।
जागरण संवाददाता, कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव कादरगंज में छह जुलाई को घर से गायब महिला की हत्या कर दी गई थी। हत्या में वांछित चल रहे 25-25 हजार के दो इनामी हत्यारों को शुक्रवार को देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
इनके कब्जे से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल दो तमंचे और कारतूस बरामद किए है। एसपी ने पुलिस टीम को इनाम की धनराशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव कादरगंज से छह जुलाई को घर से गायब हुई महिला मीना सिंह की हत्या कर दी गई। 14 जुलाई को एक आरोपित की निशानदेही पर महिला का शव बरामद किया गया, यह मामला काफी चर्चित रहा।
इस मामले में पैसे के लेनदेन और एक विशेष समुदाय पर हत्या का आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर पुलिस लगातार परेशान थी। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस पर इस मामले के खुलासे के लिए राजनैतिक और सामाजिक दबाव भी बन रहा था। देर रात पुलिस को जानकारी मिली कि महिला की हत्या में वांछित आरोपित बाइक से कादरगंज खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। रात में करीब चार बजे दो संदिग्ध बाइक पर सवार नजर आए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। आरोपितों ने फायर कर दिया। बचाव में पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई की, जिससे दोनों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए।
पुलिस ने इसकी पहचान सिकंदरपुर वैश्य के गांव कादरगंज निवासी अफताब पुत्र जमील और यहीं के शोएब पुत्र सगीर खां को गिरफ्तार किया गया है। फायरिंग के दौरान सोएब के दाहिनें और आफताब के बाएं पैर में गोली लगी है।
इनके कब्जे से बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। दोनों को जिला अस्पताला में भर्ती कराया गया। एसपी ने अस्पताल पहुंचकर उनकी हालत की जानकारी ली है। खतरे से बाहर बताई गई है।
महिला की हत्या के बाद घोषित हुए थे इनामी
कादरगंज निवासी महिला मीना सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की देर रात दो हत्यारोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपितों पर पुलिस ने 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया था। यह मामला काफी चर्चित रहा। कई दिनों तक पुलिस इस मामले को लेकर पशोपेश में फंसी रही। हत्यारोपियों पर इनाम घोषित किया गया।
इसी के साथ पुलिस ने दोनों ही मुख्य आरोपित गिरफ्तार कर लिए हैं। अभी दोनों जिला अस्पताल में भर्ती हैं। पूछताछ के बाद अन्य सहयोगियों पर भी सिकंजा कसेगी उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
