कासगंज में न्यौली चीनी मिल पर 18.54 करोड़ बकाया, किसान तलाश रहे रास्ता; अब भुगतान की उम्मीद
न्यौली चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 18.54 करोड़ रुपये बकाया है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे ...और पढ़ें

कासगंज में न्यौली चीनी मिल।
जागरण संवाददाता, कासगंज। न्यौली चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 18 करोड़ 54 लाख रुपये का भुगतान बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर तहसील प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। गुरुवार को एसडीएम सदर एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार बलवंत उपाध्याय और नायब तहसीलदार सुरेश चौधरी मिल परिसर पहुंचे।
अधिकारियों ने बकाया भुगतान स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन बैठक में व्यस्तता के चलते मिल के अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की वसूली के लिए प्रशासन की ओर से मिल के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी की गई है। तहसील प्रशासन ने मिल प्रबंधन को एक सप्ताह के अंदर किसानों का बकाया भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। बकाया भुगतान नहीं मिलने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेती की लागत, खाद-बीज और अन्य जरूरी खर्चों के लिए किसान अपने ही रुपये मिलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से समय-सीमा तय किए जाने के बाद किसानों को भुगतान की उम्मीद जगी है।
पेराई सत्र दो फरवरी को हुआ था समाप्त
न्यौली चीनी मिल का वर्ष 2025-26 का पेराई सत्र 22 नवंबर 2025 को प्रारंभ हुआ था। इसका समापन दो फरवरी 2026 को हुआ। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मिल से जुड़े 3,965 गन्ना किसानों का भुगतान बकाया है। किसानों के बकाया भुगतान में ब्याज की राशि भी शामिल बताई गई है। प्रशासन ने बकाया वसूली के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
फैक्ट फाइल
- 3965 - गन्ना किसान
- 25, 25 करोड़ का भुगतान
- 15, 99 करोड़ किसानों का बकाया
- 2,55 करोड़ रुपये ब्याज
तहसील प्रशासन की ओर से न्यौली चीनी मिल के खिलाफ आरसी जारी कर एक सप्ताह में भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन कराया जाएगा। ऐसा नहीं होने पर मिल के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- ओमप्रकाश सिंह, जिला गन्ना अधिकारी, कासगंज।
चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 18.54 करोड़ रुपये बकाया है। बकाया वसूली के लिए आरसी जारी कर एक सप्ताह में भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-एसएन त्रिपाठी, एसडीएम, कासगंज।
