विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज: दो साल से बेटी लापता...परेशान मां टॉवर पर चढ़ी; भगाकर ले गया था युवक

By Suman Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 09 Sep 2026 07:27 PM (IST)

कासगंज में दो साल से लापता बेटी की बरामदगी न होने से परेशान एक मां मोबाइल टावर पर चढ़ गई ...और पढ़ें

कासगंज के नगला लाले गांव में मोबाइल टॉपर पर चढ़ी महिला।

कासगंज के नगला लाले गांव में मोबाइल टॉपर पर चढ़ी महिला।

जागरण संवाददाता, कासगंज। सोरों कोतवाली क्षेत्र के नगला लाले गांव में बुधवार दोपहर एक मां का अपनी लापता बेटी के लिए तड़पता दिल देख हर कोई भावुक हो गया। करीब दो साल से बेटी के लापता होने और उसके अब तक घर नहीं लौटने से परेशान महिला मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गई।

उसने बेटी की बरामदगी न होने पर टाॅवर से कूदकर जान देने की धमकी दी। महिला के टावर पर चढ़ते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस महिला को उतार पूछताछ के लिए थाने ले गई। बेटी की बरामदगी न होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

सोरों कोतवाली क्षेत्र के जरैथा गांव निवासी की 19 वर्षीय बेटी को अगस्त माह वर्ष 2024 में पड़ोसी गांव नगला सेढू निवासी युवक बहला फुसलाकर भगा कर ले गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर सोरों कोतवाली में अभियोग दर्ज कर लिया। महिला का कहना है कि शिकायत के बाद भी बेटी का पता नहीं चल सका

बेटी के इंतजार में मां लगातार पुलिस और अधिकारियों के चक्कर काटती रही, लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। बुधवार दोपहर बेटी की याद और उसकी बरामदगी न होने की पीड़ा में महिला गांव के पड़ोसी गांव नगला लाले में लगे मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गई। उसने ऊपर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने महिला से बातचीत शुरू की और उसकी पूरी बात सुनी। काफी देर तक समझाने और बेटी को तलाशने के लिए कार्रवाई का भरोसा देने के बाद महिला तीन घंटे बाद टाॅवर से सुरक्षित नीचे उतर आई।

महिला ने पुलिस-प्रशासन से बेटी को जल्द बरामद कराने की गुहार लगाई। ग्राम प्रधान मदनलाल ने बताया कि महिला की बेटी लंबे समय से लापता है। बेटी के घर नहीं लौटने से मां बेहद परेशान थी। इसी वजह से उसने टाॅवर पर चढ़कर अपनी जान देने की धमकी दी।

पुलिस ने महिला को समझाने के बाद सुरक्षित टावर उतर लिया है। पूछताछ के बाद महिला को घर भेज दिया है। युवती की गुमशुदगी से संबंधित मामले की जानकारी कराई जा रही है। पुलिस टीम को युवती की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

विवेचना बदलकर क्राइम ब्रांच को दे दी गई है। क्राइम ब्रांच विवेचना कर रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

-

- ओपी सिंह, एसपी, कासगंज।