कासगंज में चलती ट्रेन से मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, 10 फोन बरामद
जीआरपी ने कासगंज जंक्शन से दो शातिर मोबाइल लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जो चलती ट्रेन में डंडा मारकर यात्रियों ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में रेल यात्रियों से मोबाइल फोन लूटने वाले लुटेरे।
जागरण संवाददाता, कासगंज। जीआरपी ने चलती ट्रेन में डंडा मारकर यात्री का मोबाइल छीनने वाले दो आरोपितों को गुरुवार की सुबह कासगंज जंक्शन स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त डंडा और लूटा गया सैमसंग मोबाइल सहित कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज कोमल कुंतल के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार की सुबह सात बजकर 20 मिनट पर कासगंज रेलवे स्टेशन से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान जिला हाथरस थाना सिकंद्राराऊ क्षेत्र के मोहल्ला दमदपुरा निवासी सनी पुत्र तेज सिंह और इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी जुगनू पुत्र विक्रम सिंह के रूप में की।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि सात अक्टूबर को जिला एटा थाना मारहरा क्षेत्र के गांव हयातपुर निवासी पीड़ित बबलू पुत्र राजकुमार ने सूचना दी थी कि उसका भाई लकी पैसेंजर ट्रेन से मथुरा से मारहरा आ रहा था। सिकंदराराऊ से मारहरा के बीच पोल संख्या 273/15 के पास ट्रेन धीमी होने पर ट्रैक किनारे खड़े दो लड़कों ने डंडा मारकर उसका सैमसंग मोबाइल छीन लिया और भाग गए।
इस पर थाना जीआरपी पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पूछताछ में दोनों ने अन्य जगहों से भी मोबाइल चोरी-छीनने की बात कबूली। पुलिस आइएमइआइ नंबर के आधार पर असली धारकों का पता लगा रही है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है।
