कासगंज: प्रेमी ने ही की थी युवती की हत्या, रुपये और जेवर हड़पने को साथियों संग रची साजिश
कासगंज में 18 वर्षीय युवती की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी समीर ...और पढ़ें

कासगंज में युवती की हत्या मामले में पर्दाफाश करते एसपी ओपी सिंह। पीछे खड़े हत्यारोपी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। अशोक नगर रेलवे क्रासिंग के पास खेत में ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर मिले 18 वर्षीय युवती के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश किया है। कोतवाली कासगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित समीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के रुपये और जेवर हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची थी। आरोपितों के कब्जे से मृतका के 1,35,100 रुपये, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह अशोक नगर रेलवे क्रासिंग के पास खेत में बनी ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर अशोक नगर निवासी स्वर्गीय बाबू खां की 18 वर्षीय पुत्री नेहा का शव मिला था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
स्वजन की तहरीर पर कोतवाली कासगंज में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र पर्दाफाश के लिए एसपी ओपी सिंह ने पांच पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। गुरुवार को पुलिस टीम ने पुरानी रेलवे क्रासिंग, अशोक नगर के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें समीर, अमित, अरसद और अरसलान शामिल हैं।
पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपित समीर की किशोरी से दोस्ती थी। उसे जानकारी थी कि किशोरी के पास कमेटी के रुपये और जेवर हैं। इन्हें हड़पने के लिए उसने साथियों के साथ योजना बनाई। पुलिस के अनुसार चारों आरोपित किशोरी को खेत में ट्यूबवेल की कोठरी के पास ले गए। वहां दुपट्टे से गला दबाने के बाद चाकू से गर्दन पर वार किया गया।
इसके बाद शव को ट्यूबवेल की कोठरी की छत पर छोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक, साक्ष्य मिटाने के लिए किशोरी के कपड़े, चप्पल, बैग और मोबाइल की सिम को झाड़ियों में जला दिया गया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने आलाकत्ल दुपट्टा और चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। न्यायालय ने चारों को जेल भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए छह पुलिस टीमों को लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य माध्यमों से साक्ष्य जुटाकर पुलिस टीमों ने 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा किया है। चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
