विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज में गंगा का जलस्तर घटा, छोड़ गया गंदगी के ढेर; बीमारियों का खतरा बढ़ा

By Suman Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 18 Sep 2026 07:30 PM (IST)

कासगंज के पटियाली क्षेत्र में गंगा का जलस्तर घटने से बाढ़ प्रभावित गांवों में गंदगी और कीचड़ बढ़ गया है, ...और पढ़ें

गंगा का जलस्तर कम होने के बाद किनारों पर बिखरी पड़ी गंदगी।

गंगा का जलस्तर कम होने के बाद किनारों पर बिखरी पड़ी गंदगी।

जागरण संवाददाता, कासगंज। पटियाली क्षेत्र के गंगा तटवर्ती गांवों में पिछले कई दिनों से बढ़ा जलस्तर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। पानी घटने से बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन जलस्तर कम होते ही गांवों में गंदगी, कीचड़ और सड़ांध की समस्या बढ़ गई है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।

पटियाली तहसील क्षेत्र दर्जन भर गांव मूज खेड़ा, खना नगला, नगला जैली, जयकिशन नगला, राजेपुर कुर्रा, नरपत नगला सहित एक दर्जन गांव पिछले 40 दिनों से बाढ़ की चपेट में थे। गांवों में घरों, गलियों और खेतों में अभी भी कीचड़ जमा है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण गंदगी के ढेर लगे हैं।

पानी उतरने के बाद मरे हुए जीव-जंतु और सड़ा हुआ कचरा सामने आने से दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। इससे बच्चों और बुजुर्गों में बुखार, खांसी समेत अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने जलभराव वाले स्थानों से गंदगी हटाने, कीटनाशक और चूने का छिड़काव कराने तथा हैंडपंपों के पानी की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सफाई नहीं हुई तो बीमारी फैलने की स्थिति बन सकती है। स्वास्थ्य विभाग से गांवों में जांच की मांग है।

पानी उतरने के बाद रास्तों और घरों के आसपास दलदल जैसी स्थिति है। सफाई और दवा का छिड़काव नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। -ओमप्रकाश सिंह, जयकिशन नगला।

कई हैंडपंपों के आसपास गंदा पानी जमा है। ऐसे में पेयजल दूषित होने की आशंका है। गांवों में पानी की जांच और सफाई जल्द कराई जानी चाहिए। -जवनेश प्रधान, जयकिशन नगला।

जलस्तर कम होने के बाद तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। संबंधित कर्मचारियों को जलभराव वाले स्थानों की सफाई और आवश्यकतानुसार कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश दिए जाएंगे। ग्रामीणों को दूषित पानी का प्रयोग न करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।

-

-सुशात संवारे, एसडीएम, पटियाली।