एक मिनट में JE को जड़े 15 तमाचे, सीसीटीवी फुटेज आया काम; कासगंज में सिपाही सस्पेंड
कासगंज में जल जीवन मिशन के जेई सौरभ कुमार से मारपीट करने वाले सिपाही कपिल भारद्वाज को निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

कासगंज में जेई को पीटता सिपाही। सीसीटीवी फुटेज
जागरण संवाददाता, कासगंज। जल जीवन मिशन के जेई के साथ चेकिंग के नाम पर मारपीट करने वाले सिपाही को जांच में दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। सदर सीओ आंचल चौहान की जांच आख्या के आधार पर एसपी ओपी सिंह ने सिपाही कपिल भारद्वाज के खिलाफ यह कार्रवाई की है। जेई की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
हाथरस निवासी सौरभ कुमार जल जीवन मिशन के तहत पीएनसी कंपनी में जेई के पद पर कार्यरत हैं। 15 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे वह भिटौना स्थित साइट से काम पूरा करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान कोबरा मोबाइल पर ड्यूटी कर रहे सिपाही कपिल भारद्वाज और अंकित ने उन्हें रोक लिया। चेकिंग के दौरान पूछताछ के बाद सिपाही कपिल भारद्वाज ने जेई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
करीब एक मिनट में जेई को 15 तमाचे जड़ दिए। घटना के बाद जेई ने मौके से संबंधित सीसीटीवी फुटेज निकलवाया। इसके बाद एसपी ओपी सिंह से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की जांच सदर सीओ आंचल चौहान को सौंपी। सीओ ने जांच के दौरान वीडियो फुटेज समेत अन्य तथ्यों की पड़ताल की। जांच में सिपाही कपिल भारद्वाज को दोषी पाया गया।
सीओ ने अपनी आख्या एसपी को भेजी। आख्या के आधार पर एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि जेई के साथ मारपीट के मामले की सदर सीओ से जांच कराई गई थी। जांच में सिपाही दोषी पाया गया। जांच आख्या के आधार पर सिपाही कपिल भारद्वाज को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
