10वीं के स्टूडेंट ने टीचर के सिर में मारा कड़ा, बातचीत करने पर टोका था; कासगंज में हैरान करने वाला मामला
कासगंज में दसवीं के एक छात्र ने पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कहने पर शिक्षक के सिर पर कड़े ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
HighLights
पढ़ाई पर ध्यान देने को कहने पर छात्र ने हमला किया।
घटना के बाद छात्र को विद्यालय से निलंबित कर दिया गया।
संवाद सूत्र, कासगंज। कक्षा में बातचीत करने से रोकने और पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कहने पर दसवीं के एक छात्र ने शिक्षक पर हाथ में पहने कड़े से प्रहार कर दिया। सिर में चोट लगने से शिक्षक घायल हो गए। घटना के बाद विद्यालय में खलबली मच गई। अन्य शिक्षक और प्रधानाचार्य मौके पर पहुंच गए।
बीएवी इंटर कॉलेज के शिक्षक विष्णु चंद्र त्रिवेदी बुधवार को कक्षा 10 में पढ़ा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक छात्र को बातचीत करने से टोका और पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा। आरोप है कि इससे नाराज छात्र ने शिक्षक के सिर पर हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। शिक्षक के सिर में चोट लगने के बाद उन्हें विद्यालय कार्यालय ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी विद्यालय पहुंची और शिक्षक का चिकित्सीय परीक्षण कराया। शिक्षक के सिर से खून बह रहा था और उनकी शर्ट लाल हो चुकी थी। छात्र के अभिभावक को भी विद्यालय बुलाया गया। मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
प्रधानाचार्य कैप्टन आलोक दुबे ने बताया कि घटना के बाद संबंधित छात्र को विद्यालय से निलंबित कर दिया गया है। वहीं शिक्षक के साथ हुई घटना पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाह और जिला मंत्री हरी सिंह मौर्य ने रोष जताते हुए अनुशासनहीनता की निंदा की।
