सपा को झटका, पूर्व मंत्री ने कहा अलविदा
राष्ट्रीय अध्यक्ष पर उपेक्षा एवं मुलाकात का वक्त न देने का आरोप सपा ने स्टार प्रचारकों की सूची में भी बीते दिनों किया था शामिल
कासगंज, जागरण संवाददाता। शुक्रवार को एक तरफ नामांकन की तैयारी चल रही थी तो दूसरी तरफ सपा के एक पूर्व मंत्री सपा को अलविदा कहने की औपचारिक घोषणा कर रहे थे। पूर्व मंत्री मानपाल सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी ने समाज की उपेक्षा की है।
सपा नेता मानपाल सिंह 1998 में सपा में शामिल हुए थे। कई बार विधायक रहे मानपाल सिंह सपा सरकार में शिक्षा एवं परिवहन राज्य मंत्री भी रहे। बीते दिनों सपा ने उन्हें अपने स्टार प्रचारकों की सूची में भी जगह देकर सम्मान दिया था, लेकिन शुक्रवार सुबह उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा विभिन्न पदों पर रहते हुए सपा में काम किया है। जनता की ईमानदारी से सेवा की है। पूरे कार्यकाल कभी कोई आरोप नहीं लगा। पार्टी छोड़ने के सवाल पर कहा आगरा, अलीगढ़ व बरेली मंडल में बघेल, शाक्य एवं कश्यप जातियों की बहुलता है, लेकिन एक भी टिकट समाज को नहीं दी। टिकट न मिलने पर नाराजगी की बात गलत है। ऐसा होता तो 2017 में ही टिकट कटने पर पार्टी को छोड़ देता। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि साजिश के तहत मुझे एवं जिले के लोगों को मिलने का समय नहीं दिया जा रहा था। पत्नी की अस्वस्थता के बाद भी शाहजहांपुर में 12 दिन तक पार्टी के लिए काम किया। जिले के कार्यकर्ताओं की भावना बताने के लिए कई बार मिलने का समय मांगा, लेकिन वह टालते रहे। इससे बेहद पीड़ा हुई है।
------
इन लोगों ने भी किया पार्टी छोड़ने का ऐलान :
सपा पूर्व जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, पूर्व अध्यक्ष सहकारी क्रय विक्रय समिति मानपाल सिंह मिनी, पूर्व ब्लॉक प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान कमल सिंह, ग्राम प्रधान कैलाश यादव, पूर्व प्रधान गिरीश चंद्र, सौरभ खटीक, नेम सिंह, पन्नालाल, रक्षपाल सिंह, रवींद्र यादव, अनीता यादव, बबलू, गिरीश चंद्र पूर्व प्रधान, गोपाल सिंह, तोतराम, अर्जुन सिंह आदि प्रधान एवं ग्राम प्रधानों ने पार्टी छोड़ दी है। -------
अगले कदम पर निगाह :
पूर्व मंत्री ने अभी अपने अगले कदम की घोषणा नहीं की है, लेकिन इसको लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चुनावी माहौल में अन्य राजनैतिक दलों की निगाह भी पूर्व मंत्री पर जमी हैं। चर्चा है एक-दो दिन में वह इस बाबत घोषणा कर सकते हैं।