बेखौफ बदमाश, घंटाघर पर दुकान में चोरी
शहर के मुख्य चौराहे पर पिकेट खड़ी होती है। वहीं घटनास्थल थाने से 400 मीटर दूर है। सोरों में भी दुकान से चोरी हुई। बढ़ती वारदात से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।
कासगंज, संवाद सहयोगी। सोरों एवं कासगंज क्षेत्र में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। हर रोज चोरी और लूट की वारदातें हो रही हैं। बीते दिनों हुई चोरी की वारदातों का पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है, वहीं चोरों ने कासगंज के घंटाघर मुख्य चौराहा पर गुरुवार रात में खोखेनुमा दुकान को निशाना बना लिया। सोरों में भी एक दुकान से चोर सामान ले गए। इससे व्यापारियों में आक्रोश है।
शहर के बारहद्वारी पर दुकानों के साथ में कई कारोबारी खोखा रखकर दुकान चला रहे हैं। दर्शनलाल पुत्र अंगनलाल भी जूते-चप्पल का खोखा करते हैं। गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने खोखे का ताला तोड़कर करीब दस हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। आक्रोशित दुकानदारों कहना है कि बारहद्वारी पर जिस स्थान पर चोरी हुई है, वह थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर है। चौराहा पर पिकेट भी तैनात रहती है। वहीं चोर कस्बा सोरों में राम गोविद महेरे पुत्र कृष्ण महेरे के रेलवे रोड बंजारा गली में स्थित मोमबत्ती के कारखाने का ताला तोड़कर कैश काउंटर से 9400 रुपये चोरी कर ले गए हैं। रामगोविंद को सुबह फैक्ट्री पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। फैक्ट्री की थाना सोरों से दूरी करीब 500 मीटर है।
जितेंद्र वाष्र्णेय, अनिल माहेश्वरी, राजेंद्र गुप्ता, सुरेश वाष्र्णेय, मनोज वर्मा, किशोर अग्रवाल, अश्वनी चतुर्वेदी, कृष्ण मुरारी दरगढ़, गोपाल माहेश्वरी आदि व्यापारियों ने जिले में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं पर रोष जताया है।