लालपुर में होली पर पेट्रोल छिड़क लगाई आग
क्षेत्रीयजनों ने यहां पर होली रखी। बुधवार सुबह एक युवक ने होली में आग लगा दी। होली के जलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई।
कासगंज, जागरण संवाददाता। शहर नई बस्ती लालपुर इलाके में अराजक तत्व ने होली के रंग में भंग मिलाने की कोशिश की। बुधवार सुबह ही चौराहे पर रखी होली में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंच आरोपित को पकड़ लिया। लालपुर नई बस्ती के होली चौराहे पर होलिका दहन के लिए कई दिन से तैयारी चल रही थी। क्षेत्रीयजनों ने यहां पर होली रखी। बुधवार सुबह एक युवक ने होली में आग लगा दी। होली के जलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। लोगों में इससे आक्रोश फैल गया। लोगों ने आग बुझाने का भी प्रयास किया। खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस भी यहां पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ के दौरान सामने आया कि गांव के ही कमल ने होली में आग लगाई है। पुलिस ने आरोपित की तलाश में दबिशें दी तथा उसे पकड़ लिया। इस पर लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
बिगड़ सकती थी फिजां :
होली जलने के बाद लोगों में आक्रोश था, लेकिन जब पुलिस ने होली जलाने वाले को गिरफ्तार किया तो पता चला गांव के ही युवक ने होली जलाई है। मामला गांव का ही होने से लोग शांत हो गए। अगर पुलिस तत्काल कार्रवाई नहीं करती तो आक्रोश बढ़ सकता था।
-------------------
'होली जलाने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद आरोपित कमल को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।'
-दिनेश कुमार दुबे, कोतवाली प्रभारी कासगंज