हेल्पर ने चलाया ट्रोला, नीचे सो रहे चालक की मौत
राजस्थान निवासी चालक लाया था फोरलेन के लिए गिट्टी राहगीरों ने मचाया शोर तो वाहन छोड़कर भाग गया हेल्पर
कासगंज,जागरण संवाददाता। राजस्थान से फोरलेन निर्माण के लिए गिट्टी लेकर आए चालक का ट्रोला के नीचे सोना ही मौत का सबब बन गया। हेल्पर ट्रोला पर लौटकर आया तो केबिन में जाकर ट्रक स्टार्ट कर दिया, जिससे चालक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। अन्य हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को अलीगढ़ रेफर किया है।
फोरलेन निर्माण के लिए ट्रोले से गिट्टी लेकर राजस्थान के करौली के गांव गुल्लापाड़े निवासी चालक हनुमान सिंह पुत्र सोमराज सोरों कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गोरहा आया था। गिट्टी को उतारने के बाद चालक आराम करने की जगह तलाशने लगा। धूप को देखते हुए वह ट्रोला के नीचे ही सो गया। इधर कुछ देर बाद हेल्पर आया तो उसने केबिन में पहुंच कर उसको स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। उसे चालक के नीचे सोने की जानकारी नहीं थी। ट्रोला के आगे बढ़ते ही चालक की मौत हो गई। आसपास के लोगों ने देख कर शोर मचाया तो वह मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हेल्पर का नाम व पता करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। पुलिस ने परिजनों को जानकारी दे दी। इंस्पेक्टर रिपुदमन सिंह का कहना है कि परिजनों के आने पर वो जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
गंगा स्नान कर लौटते एटा निवासी युवक की मौत: दूसरा हादसा सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बुधवार को गंगा स्नान कर बाइक से वापस लौट रहे विपिन पुत्र सत्यप्रकाश निवासी अहमदपुर कला थाना जैथरा जनपद एटा एवं मुनेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र निवासी रामपुर घनश्याम कोतवाली देहात एटा की बाइक सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। विपिन की मौके पर ही मौत हो गई और रामकुमार को जिला चिकित्सालय से रेफर किया गया है। सहावर थाना क्षेत्र में चांडी के निकट गुरुवार दोपहर को मोपेड सवार गोमती देवी पत्नी वेद सिंह, बीना पुत्र वेद सिंह एवं वेद सिंह पुत्र गिरधर सिंह निवासी मोती नगर गंजडुंडवारा को टाटा मैजिक लोडर वाहन ने टक्कर मार दी। दंपती सहित पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को जिला चिकित्सालय से अलीगढ़ रेफर किया गया है। सोरों क्षेत्र में नगरिया के निकट सड़क पार कर ही रामवती पत्नी जयप्रकाश को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। वहीं एक अन्य घटना में अशोक पुत्र प्रताप सिंह निवासी पथरेकी, रोहताश पुत्र महावीर निवासी रजिया नगला थाना ढोलना घायल हुए हैं।