सरकार किसानों को दे पानी, बिजली और खाद
किसान यूनियन लोक शक्ति ने गांव इनायति में पंचायत का आयोजन किया। किसानों की समस्याओं पर चिता जताई गई।
कासगंज, संवाद सहयोगी। किसान यूनियन लोक शक्ति की पंचायत गांव इनायति में हुई। पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चिता जताई गई। निर्णय लिया कि यूनियन का प्रतिनिधि मंडल संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं का निराकरण कराएगा।
पंचायत में जिलाध्यक्ष अरुण चौहान ने कहा कि जिले में किसान बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहा है। सरकार उसकी उपज का उचित मूल्य नहीं दे पा रही है। जबकि कृषि लागत दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की दुर्दशा के लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। सरकारी कार्यालयों में किसान की सुनने वाला कोई नहीं है। कार्यालय दलाली के अड्डे बन गए हैं। किसानों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूनियन किसानों के साथ है। किसान एकजुट रहें संघर्ष को तैयार रहें। रघुवर दयाल, मोहन सिंह गौतम, कृष्णमुरारी, अखिल, वीरपाल, योगेश, राघव मौजूद रहे।