बाजारों में उमड़ी भीड़ ने भुला दिया कोरोना का भय
धार्मिक आयोजनों में कोरोना के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। शारीरिक दूरी के साथ मास्क और सैनिटाइजर एकसाथ गायब हो गए हैं।
कासगंज, संवाद सहयोगी। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन यह भीड़ कोरोना के भय को भुला बैठी है। पर्वों पर होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों में भी नियमों का पालन नहीं हो रहा है। शारीरिक दूरी के साथ-साथ मास्क और सैनिटाइजर सब एकसाथ गायब हो गए। यह नजारा रविवार को देखने को मिला है।
दोपहर 1 बजे: शहर के बिलराम गेट बाजार, सोरों गेट बाजार, सहावर गेट बाजार में लोगों की भीड़ थी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग बिना मास्क नजर आ रहे थे। हजारों लोगों की भीड़ में भले ही दो-चार लोग चेहरे को ढके हुए हों, लेकिन शारीरिक दूरी को तो सभी भूले गए थे। दुकानों पर भी न तो सैनिटाइजर है और न ही शारीरिक दूरी का पालन। दुकानदार निर्भीक हो बिना मास्क काम में जुटे दिखाई दिए।
दोपहर 1.30 बजे: शहर के चामुंडा मंदिर पर भंडारे में जुटे लोग भी नियमों की धज्जियां उड़ाते देखे गए। क्षत्रिय महासभा के शस्त्र पूजन में भी नियमों का पालन होते दिखाई नहीं दिया। काली मंदिर पर हुए हवन-यज्ञ में भी लोग नियमों से बेखबर थे। शहर के माल गोदाम चौराहे पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरित किया गया। यहां भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। मनमस्त आश्रम पर हुए कार्यक्रम में भी नियमों की अनदेखी थी।