कासगंज में सरकारी कार्यालयों से गायब दिखा कोरोना का खौफ
सिचाई विभाग कार्यालय में सैनिटाइजर मशीन खाली मिली। नलकूप कार्यालय में हाथ धोने की उचित व्यवस्था थी।
कासगंज, संवाद सहयोगी। सरकारी कार्यालयों से कोरोना का भय हवा हो गया है। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक संक्रमण से खौफ से बे-परवाह नजर आ रहे हैं। कार्यालयों में न तो मास्क का प्रयोग हो रहा है और न ही सैनिटाइजेशन को लेकर कोई गंभीर है। शुक्रवार को जागरण टीम ने सिंचाई और नलकूप विभाग में कोविड से बचाव के इंतजाम की पड़ताल की तो कुछ ऐसा ही नजारा दिखा।
दोपहर एक बजे: शहर के नदरई गेट स्थित पीएलजीसी कालोनी में स्थित सिचाई विभाग के कार्यालय में कर्मचारी कोरोना के प्रति लापरवाह दिखाई दिए। चेहरों पर मास्क नहीं था। कार्यालयों के बाहर सैनिटाइजर मशीन तो थी, लेकिन उसमें केमिकल नहीं था। यहां आने वाले किसान और फरियादी भी कोरोना से बे-खौफ थे। बिना चेहरा कवर किए ही कार्यालय परिसर में घूम रहे थे।
दोपहर डेढ़ बजे : शहर के नदरई गेट स्थित दीनदयाल कालोनी में नलकूप कार्यालय स्थापित है। यहां कर्मचारी नियमों का पालन करते दिखाई दिए। भले इनके बीच शारीरिक दूरी न हो, लेकिन मास्क सभी कर्मचारी पहने थे। कार्यालय के मुख्य द्वार पर एक बड़ी पानी की टंकी एवं साथ में हाथ धोने का साबुन भी रखा था। टंकी पर लिखा संदेश यह संकेत दे रहा था कि यहां आने वाले को कार्यालय में प्रवेश से पूर्व अपने हाथ धोने पड़ते हैं।
कर्मचारियों को हिदायत देते रहते हैं, लेकिन फिर भी वह जब भी मौका मिलता है वह चेहरे से मास्क हटा लेते हैं। सैनिटाइजर यदि नहीं है तो कल इसकी व्यवस्था कराएंगे।
अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता सिचाई विभाग हमारे यहां नियमों के पालन के लिए कर्मचारियों को सख्त हिदायत है। बिना मास्क कार्यालयों में नहीं बैठने दिया जाता है। मुख्य द्वार पर ही साबुन से हाथ धोने की व्यवस्था कर रखी है।
सतीश गौतम, अधिशासी अभियंता नलकूप विभाग