दो पक्षों में संघर्ष, व्यापारी की मौत
दो महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग हुए घायल पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
कासगंज, जागरण संवाददाता। मुहल्ला अशोक नगर में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने शनिवार दोपहर खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इसमें एक व्यापारी की मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मामले में आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुहल्ला अशोक नगर निवासी विनोद माहेश्वरी (36) पुत्र लक्ष्मी नारायण माहेश्वरी मुहल्ले में ही परचून की दुकान करते हैं। पड़ोस में ही राजेश पुत्र लटूरी मेडिकल स्टोर चलाते हैं। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद था। शुक्रवार शाम को कहासुनी हुई थी। उस समय कुछ लोंगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया। शनिवार को पुन: दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने लगे। राजेश पक्ष की ओर से किसी ने विनोद के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया। इससे उसके गंभीर चोट आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से विनोद को गंभीर हालत में अलीगढ़ रैफर कर दिया। अलीगढ़ पहुंचने से पूर्व ही विनोद ने दम तोड़ दिया। घटना में अनीता पत्नी विनोद, लता पत्नी जगदीश, जगदीश पुत्र लक्ष्मी नारायण सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र दुबे का कहना है कि राजेश पुत्र लटूरी सहित अन्य आरोपित के विरुद्ध मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। व्यापारियों में फैली दहशत
विनोद की मौत की खबर अशोक नगर क्षेत्र में फैली तो अनहोनी की आशंका के चलते व्यापारियों में दहशत फैल गई। दुकानदारों ने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। घटना के बाद लोग वहां एकत्रित हो गए। सुरक्षा की ²ष्टि से पुलिस व पीएसी को तैनात कर दिया गया।
फोटो नंबर 2 - कैप्शन: कासगंज कोतवाली में करूणक्रंदन करतीं मृतक के परिवार की महिलाओं को समझाती उपनिरीक्षक इंदू वर्मा।