दिनदहाड़े कासगंज में किसान से 30 हजार लूटे
किसान का बेटा बरेली में भर्ती है। वहां से बस से आए और पैदल चलने लगे। पीछे से आए बाइक पर सवार दो युवक रोक लिया।
कासगंज, जागरण संवाददाता। शहर में अपराधी बेखौफ हो रहे हैं। अभी हीरो बाइक के शोरूम से हुई चोरी का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए बुजुर्ग किसान से 30 हजार रुपये लूट लिए। आसपास के लोगों ने इनका पीछा करने का भी प्रयास किया, लेकिन तब तक यह भाग गए।
सहावर के शेखूपुर नदरई निवासी 55 वर्षीय टीकम सिंह के बेटा बीते दिनों एक हादसे में घायल हो गया था। इसका बरेली में उपचार चल रहा है। गुरुवार दोपहर पौने तीन बजे टीकम सिंह बरेली से बस से लौटे। राज कोल्ड स्टोरेज पर उतर कर यह पैदल ही चांड़ी अड्डे के लिए चल पड़े। यहां से इन्हें सहावर के लिए ऑटो पकड़ना था। दोपहर तीन बजे करीब केए कॉलेज के निकट काले रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार दो युवकों ने इन्हें रोका और जेब से रुपये निकालने लगे। विरोध करने पर इनके साथ हाथापाई की। जब तक आसपास के लोग कुछ समझते, तब तक जेब से 30 हजार रुपये निकालकर वह भाग गए। दुकानदार सौरभ यादव के साथ में अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो पूरे मामले की जानकारी होने पर इन्होंने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वह फरार हो गए।
सफेद रंग की पहने था शर्ट, पुलिस ने की पड़ताल: बताया जाता है कि लुटेरों में से एक सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था। मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल रामरज सिंह यादव ने युवकों के जूतों के निशान के साथ में अन्य सबूत भी जुटाए। पीड़ित ने कोतवाल को मौके पर ही तहरीर लिख कर दी।