कल से विराजेंगे गजानन
संवाद सूत्र, रूरा: गुरुवार से कस्बे में गणेश महोत्सव होगा। कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई
संवाद सूत्र, रूरा: गुरुवार से कस्बे में गणेश महोत्सव होगा। कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जेसीबी लगाकर कार्यक्रम स्थल के नजदीक का मलबा हटवाया गया। इसके साथ ही साफ सफाई व गड्ढे में मिट्टी भराव हुआ।
प्रति वर्ष कस्बे में गणेश महोत्सव का आयोजन होता है। इस बार 12वां गणेश महोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आयोजक मंडल ने इस बार मेधावी छात्रों को सम्मानित करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही मनोरंजन के लिए जादूगर ओपी शर्मा का शो होगा। भव्य झांकी, नाटक व जागरण के कार्यक्रम भी होंगे। बाद में समापन गणेश विसर्जन यात्रा से होगा। भक्ति गीतों के साथ भव्य व विशाल गणेश भगवान की मूर्ति आकर्षण का केंद्र होगी। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ जुटने को लेकर समिति पदाधिकारियों व सदस्यों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर जेसीबी लगाकर एकत्र मलबा हटाया गया। इसके साथ गड्ढों में मिट्टी पुराई कराकर रोलर से मैदान समतल कराया गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष आदेश तिवारी व लाभम गुप्ता ने बताया कि गुरुवार सुबह तक तैयारियां पूर्ण हो जाएंगी। शाम को विधिवत मंत्रोत्चार के बीच पूजन अर्चन कर गणेश भगवान की मूर्ति स्थापना के बाद अन्य कार्यक्रम होंगे।