छतेनी में बिना लाइसेंस पकड़ा कत्था कारोबार
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के छत
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के छतेनी गांव में बिना लाइसेंस संचालित कत्था बनाने वाली फैक्ट्री में छापा काजू के छिलके व भूसी के दो नमूने भरे। साथ ही 8 टन काजू के छिलके व भूसी को सीज कर संचालक को नोटिस दिया है।
बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों पर नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा छापामार अभियान चलाया जा रहा है। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के छतेनी गांव में बिना लाइसेंस कत्था कारोबार होने की शिकायत पर बुधवार को सीएफआई (चीफ फूड इस्पेक्टर) हितेंद्र मोहन त्रिपाठी की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन, सुमांशू सचान, रुचि बाजपेई व सुनील कुमार की टीम ने ब्रजराज इंडस्ट्री में छापा मारा। खाद्य टीम को करीब आठ क्विंटल काजू के छिलके, करीब 400 बोरी कत्थे में मिलाई जाने वाली भूसी का भंडारण मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन ने दोनों के नमूने संकलित किए। संचालक देव काया खाद्य विभाग का लाइसेंस नहीं दिखा सके। इस पर कत्था बनाने में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्री को सीज कर दिया गया। अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा आरके गुप्ता ने बताया कि संचालक को नोटिस देकर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब किया गया है। संकलित नमूने परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। जवाब आने के बाद मामले में कार्रवाई होगी।